PCB के बायकॉट पर भड़के सौरव गांगुली! पूछा तीखा सवाल- आखिर किस वजह से पीछे हट रहा है पाकिस्तान?

IND vs PAK: भारत के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप 2026 मैच न खेलने के पाकिस्तान के फैसले पर सौरव गांगुली ने हैरानी जताई। दादा ने कहा कि इस निर्णय से पाकिस्तान को ही नुकसान उठाना पड़ सकता है।
PCB के बायकॉट पर भड़के सौरव गांगुली! पूछा तीखा सवाल- आखिर किस वजह से पीछे हट रहा है पाकिस्तान?
सौरव गांगुली (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Sourav Ganguly on PCB: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भारत और पाकिस्तान के मुकाबले को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया, जिसके बाद क्रिकेट जगत में इस फैसले की काफी आलोचना हो रही है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने यह कदम बांग्लादेश के समर्थन में उठाया, लेकिन इस निर्णय का असर क्रिकेट और टूर्नामेंट दोनों पर पड़ सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर पाकिस्तान इस मुकाबले का बहिष्कार करता है तो उसे न सिर्फ अंकों का नुकसान झेलना पड़ सकता है, बल्कि आर्थिक तौर पर भी बड़ा घाटा उठाना पड़ सकता है। भारत-पाकिस्तान मुकाबला विश्व क्रिकेट के सबसे चर्चित मैचों में गिना जाता है और इससे जुड़े प्रसारण और प्रायोजन से काफी राजस्व भी आता है।

श्रीलंका बोर्ड ने भी जताई चिंता

इस पूरे मामले के बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को पत्र लिखकर अपने फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है। श्रीलंका टूर्नामेंट की मेजबानी में साझेदार है और भारत-पाकिस्तान मुकाबला रद्द होने की स्थिति में आर्थिक और आयोजन संबंधी नुकसान की आशंका जताई गई है। श्रीलंका बोर्ड का मानना है कि इस तरह के बड़े मैच का न होना टूर्नामेंट की छवि पर भी असर डाल सकता है, क्योंकि क्रिकेट प्रेमियों को इस मुकाबले का लंबे समय से इंतजार रहता है।

बायकॉट पर सौरव गांगुली की प्रतिक्रिया

पाकिस्तान के इस फैसले पर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी हैरानी जताई है। पत्रकारों से बातचीत में गांगुली ने कहा कि यह निर्णय चौंकाने वाला है। उनका कहना था कि किसी भी टीम का लक्ष्य विश्व कप जीतना होता है और ऐसे टूर्नामेंट में हर एक अंक बेहद अहम होता है। गांगुली ने यह भी कहा कि पाकिस्तान पहले से ही अपने मैच श्रीलंका में खेल रहा है, इसलिए इस तरह मैच छोड़ना टीम के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि आखिरकार यह फैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का है और वही अंतिम निर्णय ले सकता है।

क्या पाकिस्तान बदल सकता है फैसला?

इस बीच खबरें सामने आ रही हैं कि पाकिस्तान अपने फैसले पर पुनर्विचार कर सकता है। आईसीसी और पीसीबी के बीच बैठक जारी है, जिसमें भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच को खेलने पर सहमति बन सकती है।

सूत्रों के मुताबिक आईसीसी की सख्ती और अन्य क्रिकेट बोर्डों की प्रतिक्रिया के बाद पाकिस्तान बोर्ड अपनी सरकार से लगातार बातचीत कर रहा है। माना जा रहा है कि अगर सहमति बनती है तो क्रिकेट प्रशंसकों को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस बड़े मुकाबले का इंतजार खत्म हो सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com