Maharashtra Politics: जीत पर संयम बरतें कार्यकर्ता, जिप चुनाव पर तटकरे की अपील

Sunil Tatkare: जिला परिषद चुनाव परिणाम से पहले सुनील तटकरे ने कार्यकर्ताओं से जीत का जश्न न मनाने और दिवंगत अजीत पवार की स्मृति में संयम बनाए रखने की अपील की।
Zilla Parishad election Maharashtra
Ajit Pawar death (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai News: महाराष्ट्र में जिला परिषद चुनावों का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद सोमवार को मतगणना के पश्चात चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन से उपजी सहानुभूति के मद्देनजर चुनाव में राकां (अजीत गुट) को भारी सफलता मिलने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में राकां (अजीत गुट) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संयम बरतने की अपील की है।

पार्टी की ओर से जारी संदेश में तटकरे ने सभी सहयोगियों, उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रक्रिया के दौरान दिखाए गए अनुशासन और परिश्रम के लिए धन्यवाद दिया। पार्टी को उम्मीद है कि महाराष्ट्र की जनता अजीत पवार के विचारों और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को समर्थन देगी।

सार्वजनिक उत्सव से बचने की अपील

उन्होंने आगे कहा कि अपने प्रिय नेता के निधन से उत्पन्न शोक के माहौल को देखते हुए पार्टी ने 9 फरवरी को परिणाम घोषित होने के बाद किसी भी प्रकार के विजय उत्सव पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। इसलिए किसी भी तरह के विजय जुलूस, रोड शो, पटाखे फोड़ने, रंग उड़ाने या किसी भी प्रकार के सार्वजनिक उत्सव से बचने की अपील की गई है। तटकरे ने कहा कि ‘दादा’ (दिवंगत अजीत पवार) की स्मृति को सच्ची श्रद्धांजलि संयम, अनुशासन और सादगी बनाए रखने में ही है।

लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान

इसके साथ ही तटकरे ने कार्यकर्ताओं से यह भी आग्रह किया कि चुनाव परिणाम के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांतिपूर्वक पार्टी के आधिकारिक निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि यह समय संगठन को मजबूत करने और जनता की सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का है। उन्होंने भरोसा जताया कि संयम और अनुशासन के साथ कार्यकर्ता पार्टी की गरिमा को बनाए रखते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com