बॉक्स ऑफिस पर टक्कर जारी: ‘बॉर्डर 2’ का 300 करोड़ क्लब में धमाका, ‘मर्दानी 3’ की रफ्तार भी हुई तेज

Movies Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ और रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ के बीच जबरदस्त मुकाबला जारी है। लेकिन तीसरे और दूसरे रविवार की कमाई ने हैरान कर दिया है।
Sunny Deol Border 2 And Rani Mukerji Mardaani 3 Collection
बॉर्डर 2 और मर्दानी 3 (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Border 2 vs Mardaani 3 Collection: बॉलीवुड बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त दो बड़ी फिल्मों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। सनी देओल की मल्टी-स्टारर एक्शन ड्रामा ‘बॉर्डर 2’ और रानी मुखर्जी की दमदार महिला-केंद्रित फिल्म ‘मर्दानी 3’ रिलीज के कई हफ्तों बाद भी सिनेमाघरों में मजबूती से टिकी हुई हैं। दोनों फिल्मों की ऑडियंस अलग-अलग है, लेकिन कमाई के मामले में दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया है।

‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को रिलीज हुई थी और रिलीज के साथ ही इसने बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार शुरुआत की। देशभक्ति और एक्शन से भरपूर इस फिल्म ने शुरुआती दिनों में तेजी से कमाई करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। रिलीज के तीन हफ्ते पूरे होने के बाद भी फिल्म की पकड़ मजबूत बनी हुई है। तीसरे रविवार को, यानी आज, फिल्म ने रात 8 बजे तक करीब 6 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है।

‘बॉर्डर 2’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

हालांकि शुरुआती दिनों के मुकाबले अब फिल्म की रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर हुई है, लेकिन इसके बावजूद ‘बॉर्डर 2’ 300 करोड़ क्लब में एंट्री कर चुकी है। यह सनी देओल के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बन गई है और मल्टी-स्टार कास्ट का असर भी साफ नजर आ रहा है। वहीं दूसरी ओर, रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ 30 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह फिल्म अपने दूसरे हफ्ते में है और इसका दूसरा रविवार चल रहा है। धीमी लेकिन मजबूत शुरुआत करने वाली इस फिल्म ने वीकेंड पर अच्छी छलांग लगाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज के 10वें दिन यानी 8 फरवरी को फिल्म ने रात 8 बजे तक 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है।

रानी मुखर्जी की फिल्म ने भी कमाए इतने करोड़

‘मर्दानी 3’ को दर्शकों से अच्छा वर्ड-ऑफ-माउथ मिल रहा है, खासकर रानी मुखर्जी की दमदार परफॉर्मेंस और फिल्म के सोशल मैसेज की तारीफ हो रही है। यही वजह है कि फिल्म धीरे-धीरे लेकिन स्थिर गति से आगे बढ़ रही है।

अगर तुलना की जाए तो ‘बॉर्डर 2’ ने जहां शुरुआती दिनों में तूफानी कमाई की, वहीं अब इसकी रफ्तार थोड़ी कम हुई है। दूसरी ओर, ‘मर्दानी 3’ ने स्लो स्टार्ट के बाद अब पकड़ बनानी शुरू कर दी है। दोनों ही फिल्में अपनी-अपनी ऑडियंस के बीच मजबूत बनी हुई हैं और बॉक्स ऑफिस पर एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दे रही हैं। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह मुकाबला किस मोड़ पर जाकर थमता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com