नेपाल की बल्लेबाजी देख दंग हुए हैरी ब्रूक, गेंदबाजों की पिटाई पर दिया बड़ा बयान, बोले- आदिल रशीद की...

Harry Brook: टी20 विश्व कप 2026 में इंग्लैंड ने नेपाल को चार रन से हराया। हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी की, नेपाल ने आदिल राशिद के खिलाफ जुझारू प्रदर्शन किया।
Harry Brook on Adil Rashid
हैरी ब्रूक (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Harry Brook on Adil Rashid: इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने रविवार को टी20 विश्व कप अभियान के अपने पहले मुकाबले में नेपाल के बल्लेबाजों द्वारा अनुभवी स्पिनर आदिल राशिद का जिस तरह सामना किया, उस पर हैरानी जताई। पूर्व चैंपियन इंग्लैंड ने नेपाल को 185 रनों का लक्ष्य दिया और कड़े मुकाबले में चार रन से जीत दर्ज कर उलटफेर से बचने में सफल रहा।

मैच के बाद ब्रूक ने कहा, “यह मुकाबला बिल्कुल भी आसान नहीं रहा। शुक्र है कि हम जीत गए। नेपाल ने वाकई बहुत अच्छा खेल दिखाया। बहुत कम टीमें आदिल राशिद को इस तरह खेल पाती हैं जैसा उन्होंने किया। मुझे लग रहा था कि हम इस स्कोर का आसानी से बचाव कर लेंगे, लेकिन उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की। मैं उन्हें आगे के टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”

ब्रूक ने बेथेल की तारीफ की

इंग्लैंड ने जैकब बेथेल और हैरी ब्रूक की अर्धशतकीय पारियों के दम पर, साथ ही विल जैक्स के 39 रनों की मदद से सात विकेट पर 184 रन बनाए। ब्रूक ने बेथेल की तारीफ करते हुए कहा, “बेथ ने शानदार बल्लेबाजी की। स्पिनरों के खिलाफ जिस आत्मविश्वास से वह खेल रहा था, वह काबिल-ए-तारीफ था। मैंने बस यही सोचा था कि अगर हम दो-तीन विकेट जल्दी निकाल लें तो मैच का रुख बदल जाएगा। हमारे पास गेंदबाजी में कई विकल्प मौजूद हैं।”

आदिल राशिद को लेकर ब्रूक ने क्या कहा?

आदिल राशिद को लेकर उन्होंने कहा, “नेपाल के बल्लेबाजों ने राशिद के खिलाफ काफी रन बटोर लिए। ऐसा बहुत कम होता है कि वह अपने पूरे चार ओवर भी न कर सके। मुझे पूरा भरोसा है कि वह आगे के मैचों में जोरदार वापसी करेंगे।” नेपाल ने जिस तरह खेला है ऐसी बहुत कम टीमें ही उनको खेल पाती है।

मुकाबले का हाल

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जैकब बेथेल के 55, हैरी ब्रूक के 53, और विल जैक्स के नाबाद 39 रन की बदौलत 7 विकेट पर 184 रन बनाए थे। नेपाल की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 180 रन बना सकी और मैच 4 रन से हार गई। नेपाल को आखिरी ओवर में 10 रन चाहिए थे, लेकिन 5 रन ही बने और टीम को 4 रन से हार का सामना करना पड़ा। सैम करन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम को पहली जीत दिला दी।

Navbharat Live
navbharatlive.com