अमेरिका में स्कूल हमले की साजिश रचने वाला पाकिस्तानी मूल का Luqman Khan हथियारों के साथ गिरफ्तार

US Attack Arrest: अमेरिका में पाकिस्तानी मूल का लुकमान खान स्कूल पर सामूहिक गोलीबारी की साजिश के आरोप में गिरफ्तार। उसके पास से बंदूकें, गोला-बारूद, बॉडी आर्मर और हमले की योजना की नोटबुक बरामद हुई है।
US Attack Arrest
पाकिस्तानी मूल का लुकमान खान स्कूल पर सामूहिक गोलीबारी की साजिश के आरोप में गिरफ्तार (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pakistani Origin Man US: अमेरिका में एक बड़ी आतंकी साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पाकिस्तान में जन्मे अमेरिकी नागरिक लुकमान खान को डेलावेयर विश्वविद्यालय में सामूहिक गोलीबारी की योजना बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से भारी मात्रा में बंदूकें, गोला-बारूद और बॉडी आर्मर बरामद हुआ है। पुलिस को एक नोटबुक भी मिली है, जिसमें हमले की पूरी योजना विस्तार से लिखी गई थी।

लुकमान खान गिरफ्तार, डेलावेयर विश्वविद्यालय पर हमले की साजिश

अमेरिका में डेलावेयर विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र लुकमान खान (25 वर्षीय) को 24 नवंबर की रात को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को एक पार्क में उसके ट्रक पर शक हुआ, जिसके बाद तलाशी में खतरनाक हथियार बरामद हुए, जिसने एक बड़ी साजिश का खुलासा किया। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, खान पर विश्वविद्यालय परिसर में सामूहिक गोलीबारी की योजना बनाने का आरोप है।

ट्रक से भारी मात्रा में हथियार बरामद

लुकमान खान के ट्रक से पुलिस को कई आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। इनमें एक ग्लॉक पिस्तौल, 27-राउंड गोलियों से भरी मैगजीन और बॉडी आर्मर की प्लेटें शामिल थीं। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि पिस्तौल को एक ऐसे किट में रखा गया था, जिसे जोड़कर उसे एक सेमी-ऑटोमैटिक राइफल में बदला जा सकता था। पुलिस ने बताया कि यह बरामदगी स्पष्ट रूप से युद्ध जैसी तैयारी की ओर इशारा करती है।

नोटबुक में लिखी थी खौफनाक योजना

हथियारों के साथ, पुलिस को एक हाथ से लिखी नोटबुक भी मिली, जिसमें हमले की पूरी योजना का विवरण था। इस नोटबुक में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन (मुख्यालय) का नक्शा बना हुआ था, जिसमें प्रवेश और निकासी के रास्ते चिह्नित किए गए थे।

नोटबुक में 'सभी को मारो,' 'शहीद' जैसे भयावह शब्द लिखे थे, साथ ही यह भी बताया गया था कि गोलीबारी को अंजाम देने के बाद पुलिस से कैसे बचा जाए। गिरफ्तारी के बाद लुकमान खान ने पुलिस को बताया कि शहीद होना 'सबसे महान चीजों में से एक' है।

बचपन से ही अमेरिका में रह रहा था

न्यू कैसल काउंटी पुलिस के अनुसार, पाकिस्तान में जन्मा लुकमान खान बचपन से ही अमेरिका में रह रहा था और अमेरिकी नागरिक है। पड़ोसियों ने जांचकर्ताओं को बताया कि पिछले कुछ महीनों से खान लोगों से अलग-थलग रहने लगा था। उस पर फिलहाल मशीन गन अवैध रूप से रखने का आरोप लगाया गया है और एफबीआई इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है ताकि हमले की साजिश के पीछे के असली कारण और संभावित सहयोगियों का पता लगाया जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com