

Tim Seifert And Finn Allen: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को खेला जाएगा। यह खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम ने इंग्लैंड को सेमीफाइनल में हराकर, वहीं न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनाई है। न्यूजीलैंड के लिए सेमीफाइनल में टिम सीफर्ट और फिन एलन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की।
टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंची दक्षिण अफ्रीका को न्यूजीलैंड ने एकतरफा हराया था। इसमें न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों फिन एलन और टिम साइफर्ट का अहम योगदान रहा था। एलन ने रिकॉर्ड 33 गेंदों पर शतक लगाया था, जबकि सीफर्ट ने 33 गेंदों पर 58 रन बनाए थे। इन्हीं दो पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने 12.5 ओवर में 1 विकेट पर 173 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीत लिया था।
फिन एलन और टिम सीफर्ट ने जिस तरह बल्लेबाजी की थी। उसे देखते हुए भारतीय टीम और भारतीय क्रिकेट फैंस के मन में ये बात जरूर बैठ गई है कि कहीं इन दोनों में से कोई भी बल्लेबाज चला तो भारतीय टीम के लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है। वहीं भारतीय टीम के गेंदबाज भी पूरे तरह से फॉर्म में नहीं हैं। ऐसे में कहीं भारतीय टीम को ज्यादा नुकसान न हो जाए। आइए, जानते हैं एलन और सीफर्ट का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड कैसा रहा है।
फिन एलन के साथ पारी की शुरुआत करने वाले टिम सीफर्ट ने 2019 से 2026 के बीच भारत के खिलाफ 15 टी20 मैच खेले हैं। 15 पारियों में साइफर्ट ने 32.69 की औसत और 148.60 की स्ट्राइक रेट से 425 रन बनाए हैं। साइफर्ट ने 4 अर्धशतक लगाए हैं। उनका भारत के खिलाफ सर्वाधिक स्कोर 84 रन है। वहीं फिन एलन ने 2022 से 2026 के बीच भारत के खिलाफ 6 टी20 की 6 पारियों में 22.00 की औसत और 162.96 की स्ट्राइक रेट से 132 रन बनाए हैं। एलन ने भारत के खिलाफ 1 ही अर्धशतक लगाया है, और उनका सर्वाधिक स्कोर 80 है।
भारत के खिलाफ एलन और सीफर्ट का रिकॉर्ड बहुत प्रभावी नहीं रहा है, लेकिन दोनों बल्लेबाज फॉर्म में हैं और कुछ ओवरों में ही मैच का पलड़ा अपनी टीम की तरफ मोड़ सकते हैं। इसलिए भारतीय टीम को मैच पर नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए इन दोनों बल्लेबाजों को शुरुआती ओवरों में पवेलियन भेजना होगा।