निशानेबाज: गजरा लगा के ऑस्ट्रेलिया न जाना, वरना भरना पड़ेगा भारी जुर्माना

Fine on Wearing Gajra: मलयालम फिल्मों की अभिनेत्री नव्या नायर मुसीबत में फंस गई।उस पर आस्ट्रेलिया में 1.14 लाख रुपए का जुर्माना भरने की नौबत आ गई।
गजरे पर जुर्माना लगा, ऑस्ट्रेलिया
गजरे पर जुर्माना लगा ( सौ. डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

नवभारत डिजिटल डेस्क: पड़ोसी ने हमसे कहा, ‘निशानेबाज, आंखों में कजरा और बालों में गजरा किसी भी महिला को आकर्षक व ग्रेसफुल बना देता है।आपने गीत सुना होगा- कजरारे-कजरारे तेरे काले-काले नैना! जहां तक गजरा की बात है, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में महिलाएं सुगंधित फूलों का गजरा लगाकर अपना शृंगार करती हैं।भगवान राम ने भी वनवास के दौरान पुष्पों के आभूषण बनाकर सीताजी का शृंगार किया था.’ हमने कहा, ‘आज आपने कजरा और गजरा की चर्चा क्यों छेड़ दी? वक्त के साथ चीजें बदलती हैं।पहले घी का दीया जलाकर काजल बनाया जाता था।

आजकल काजल की डिब्बी की जगह आई लाइनर ने ले ली है।रही बात फूलों के गजरे की, तो त्योहारों पर या फिर ऐसे ही महिलाएं वेणी, चोटी या जूड़े में गजरा बांध लेती हैं।लखनऊ में रईस लोग कलाई पर गजरा बांधकर मुजरा सुनने जाया करते थे.’ पड़ोसी ने कहा, ‘निशानेबाज, गजरे की वजह से मलयालम फिल्मों की अभिनेत्री नव्या नायर मुसीबत में फंस गई।उस पर आस्ट्रेलिया में 1.14 लाख रुपए का जुर्माना भरने की नौबत आ गई।हुआ यह कि ऑस्ट्रेलिया के मेलबोर्न शहर में मल्याली एसोसिएशन ने ओणम उत्सव आयोजित किया था जिसमें सहभागी होने के लिए जब वह आस्ट्रेलिया जाने लगी तो उसके पिता ने उसके लिए फूलों का गजरा खरीदा।नव्या ने एक गजरा अपने हैंडबैग में रख लिया ताकि कोच्चि-सिंगापुर प्रवास के दौरान लगा सके और दूसरा गजरा बाद में इस्तेमाल के लिए रखा।

जब वह मेलबोर्न पहुंची तो हैंडबैग में रखे गजरे के कारण वह दिक्कत में फंस गई।वहां पौधों या फूलों के साथ उड़ान पर सख्त मनाही है क्योंकि इनमें रहनेवाले कीटकों की वजह से बीमारी फैल सकती है।अभिनेत्री नव्या को जुर्माने में मोटी रकम भरनी पड़ी।उसने सोशल मीडिया हैंडल पर यह जानकारी देते हुए कहा- गलती तो गलती ही होती है.’ हमने कहा, ‘आस्ट्रेलिया के लोग गजरे का महत्व क्या जानें! कहावत है- बंदर क्या जाने अदरक का स्वाद! नरगिस, नूतन, वैजयंती माला, वहीदा रहमान, मुमताज जैसी हमारी फिल्मी हीरोइनें गजरा लगाती रही हैं।आपको फिल्म ‘कटी पतंग’ का राजेश खन्ना और मुमताज पर फिल्माया गया गाना याद होगा- कजरा लगा के, गजरा सजा के, बिजुरी गिरा के जइयो ना, नैन मिला के चैन चुरा के निंदिया उड़ा के जइयो ना! इसी जोड़ी का एक अन्य गीत था- बिंदिया चमकेगी, चूड़ी खनकेगी, कजरा चहकेगा, गजरा महकेगा, तेरी नींद उड़े तो उड़ जाए!

लेख-चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा

Navbharat Live
navbharatlive.com