Crime: कड़बी चौक के पास व्यापारी को गोली मारकर लूटे 50 लाख, वारदात से मचा हड़कंप

Nagpur Crime News: नागपुर में कबड़ी चौक पर एक कारोबारी पर हमला करने का मामला सामने आया है। इस वारदात से मुहल्ले में दहशत का माहौल है। 2 लुटेरों ने व्यापारी पर 3 राउंड गोलियां चलाकर हमला किया।
Nagpur Crime News: नागपुर में कबड़ी चौक पर एक कारोबारी पर हमला करने का मामला सामने आया है। इस वारदात से मुहल्ले में दहशत का माहौल है। 2 लुटेरों ने व्यापारी पर 3 राउंड गोलियां चलाकर हमला किया।
कड़बी चौक पर हमला (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Kadbi Chowk Violence: नागपुर में कड़बी चौक पर बुधवार की रात हुई लूट की सनसनीखेज वारदात से पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। बाइक पर सवार 2 लुटेरों ने दोपहिया पर सवार व्यापारी को बीच सड़क पर रोका। पहले उसके चेहरे पर कोई स्प्रे फेंका और एक के बाद एक 3 राउंड फायर कर दिए, फिर जख्मी व्यापारी से 50 लाख रुपये लूटकर आरोपी फरार हो गए। इस वारदात से स्थानीय नागरिकों में भी दहशत है।

रजनी विहार, मेकोसाबाग निवासी राजू रूपचंद दिपानी (43) कड़बी चौक के समीप ही अनाज का कारोबार करते हैं। इसके अलावा अन्य व्यापारियों से पैसा जमा करने का भी काम है। पिछले 2 से 3 दिनों में उन्होंने अलग-अलग व्यापारियों से पैसा जमा किया। बुधवार की रात 8.30 बजे के दौरान अपनी दुकान से नोटों के बंडल से भरी बैग लिया। अपनी मोपेड के हैंडिल पर बैग टांगकर घर की ओर जा रहे थे।

कंधे, पीठ और पैर पर लगी गोलियां

कड़बी चौक के समीप एसबीआई एटीएम के पीछे बाइक पर सवार 2 आरोपियों ने उनका रास्ता रोका। इससे पहले ही राजू कुछ समझ पाते, पिछली सीट पर बैठे आरोपी ने उनके चेहरे पर किसी रासायनिक पदार्थ का स्प्रे मार दिया। कुछ सेकंड के भीतर ही आरोपियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। एक के बाद एक गोली चलाने लगे। राजू को कंधे, पीठ और पैर पर 3 गोलियां लगीं। लुटेरे उनका बैग छीनकर भाग निकले। गोलियां चलने से स्थानीय नागरिक दहशत में आ गए। आरोपियों के भागने के बाद लोग उनकी मदद के लिए दौड़े। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। राजू को उपचार के लिए मानकापुर के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। खबर मिलते ही सीपी रवींद्र कुमार सिंगल, ज्वाइंट सीपी नवीनचंद्र रेड्डी, डीसीपी निकेतन कदम और जरीपटका पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम ब्रांच के सभी यूनिट भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर राजू से जानकारी ली।

देसी पिस्तौल से किया हमला

1 गोली उनके पैर में फंसी है और दूसरी पीठ पर लगी। तीसरी उनके कंधे पर लगी है। पुलिस का अनुमान है कि राजू पर देसी बनावट की पिस्तौल से हमला किया गया। जितने पास से लुटेरों ने उन पर गोलियां दागीं, यदि इंपोर्टेड हथियार होता तो हानि बहुत ज्यादा हो सकती थी। संदेह है कि टिप के आधार पर वारदात को अंजाम दिया गया।

राजू के साथ काम करने वाले 2 कर्मचारियों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। दोनों 2 दिन से काम पर नहीं आए थे। इसके अलावा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घनी आबादी वाले इस इलाके में लूट और फायरिंग की वारदात होने से नागरिक भयभीत हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com