
नागपुर न्यूज
Juvenile Justice Act Case: नागपुर के कपिलनगर पुलिस ने प्रभाग-8 के कांग्रेस पार्षद वसीम खान के खिलाफ सरकारी काम में बाधा निर्माण करने और बाल न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। वसीम पाटणकर चौक स्थित शासकीय कनिष्ठ बाल गृह में औचक निरीक्षण करने गए थे।
इसी दौरान उन्होंने परिसर में खेल रहे बच्चों का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। पुलिस ने बाल गृह की सुरक्षा रक्षक स्वाती प्रलय पाटिल (32) की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। 1 फरवरी को स्वाति अन्य सुरक्षा रक्षक और 2 केयरटेकर के साथ ड्यूटी कर रहे थे। दोपहर 2.30 बजे के दौरान वसीम अपने 2 साथियों के साथ बाल गृह में आए।
केयरटेकर कृष्णा हिवराले से चाइल्ड लाइन एवं रेलवे पुलिस द्वारा रेस्क्यू किए गए बच्चों से मिलने की मांग की। हिवराले ने उन्हें बताया कि आज रविवार है। बाल कल्याण समिति की अनुमति के बगैर बच्चों से कोई नहीं मिल सकता। इस पर वसीम ने केयरटेकर पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया। स्वाति ने भी वसीम को समझाने का प्रयास किया लेकिन वसीम बच्चों से मिलने की जिद करने लगे।
स्वाति ने जिला बाल संरक्षण अधिकारी मुश्ताक पठान को फोन कर जानकारी दी। उन्होंने वसीम को शासकीय नियमों से अवगत करवाने और बात न मानने पर पुलिस को फोन करने को कहा। समझाने के बावजूद वसीम ने मोबाइल पर परिसर में खेल रहे बच्चों का वीडियो रिकॉर्ड किया। स्वाति ने रोकने का प्रयास किया लेकिन वो नहीं माने।
यह भी पढ़ें – दिल्ली दौरा छोड़ बारामती पहुंचे शरद पवार; अदाणी के साथ 45 मिनट की मीटिंग से गहराया सस्पेंस, सियासी हलचल तेज
बाद में वीडियो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर प्रसारित कर दिया। सोमवार को स्वाति ने प्रकरण की शिकायत पुलिस से की। नागपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है। वैसे बता दें कि उसी दिन वसीम ने बाल गृह के कर्मचारी पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया था। इस संबंध में कपिलनगर थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई थी।






