45 लाख की ईमानदारी ने जीत लिया थलाइवा का दिल, रजनीकांत ने महिला सफाई कर्मचारी को घर बुलाकर दिया खास तोहफा

Rajinikanth Photos Viral: सुपरस्टार रजनीकांत ने एक महिला सफाई कर्मचारी की ईमानदारी से प्रभावित होकर उन्हें घर बुलाया और सोने की चेन भेंट की। जिसकी तस्वीरें वायरल हो रही हैं।
Rajinikanth gold chain gift Chennai sanitation worker honesty
सुपरस्टार रजनीकांत (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Updated on

Rajinikanth Gifts Gold Chain Chennai Sanitation Worker: सुपरस्टार रजनीकांत भले ही फिल्मों में दमदार एक्शन और स्टाइल के लिए जाने जाते हों, लेकिन असल जिंदगी में वह सादगी और दरियादिली की मिसाल हैं। जरूरतमंदों की मदद करना, समाज के लिए आगे आना और ईमानदारी का सम्मान करना यह सब थलाइवा की पहचान बन चुका है। कोरोना काल हो या चेन्नई में आई भीषण बाढ़, रजनीकांत हमेशा मदद के लिए आगे आए हैं। अब एक बार फिर रजनीकांत ने अपने बड़े दिल का सबूत दिया है। इस बार वजह बनीं एक महिला सफाई कर्मचारी, जिनकी ईमानदारी ने सुपरस्टार का दिल जीत लिया।

महिला सफाई कर्मचारी की ईमानदारी से प्रभावित हुए रजनीकांत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चेन्नई के टी नगर इलाके में काम करने वाली महिला सफाई कर्मचारी पद्मा को सफाई के दौरान एक लावारिस पाउच मिला। जब उन्होंने पाउच खोला, तो उसमें करीब 360 ग्राम सोने के जेवरात थे, जिनकी कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है। इतनी बड़ी रकम मिलने के बावजूद पद्मा के मन में जरा भी लालच नहीं आया। उन्होंने बिना देर किए इस पाउच की जानकारी अपने सुपरवाइजर को दी और फिर पोंडी बाजार पुलिस स्टेशन में इसे जमा करवा दिया। बाद में पुलिस की मदद से यह कीमती ज्वेलरी उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचा दी गई।

पिछले चार साल में लौटाया करोड़ों का सामान

चेन्नई में ठोस कचरा प्रबंधन कंपनी से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि पद्मा की ईमानदारी कोई नई बात नहीं है। बीते चार सालों में वह करीब 1.5 करोड़ रुपये का कीमती सामान उसके असली हकदारों तक पहुंचा चुकी हैं। उनकी इस नीयत और जिम्मेदारी ने न सिर्फ प्रशासन, बल्कि आम लोगों का भी दिल जीत लिया है।

जब सुपरस्टार रजनीकांत को पद्मा की इस ईमानदारी के बारे में पता चला, तो वह बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने मंगलवार को पद्मा को अपने चेन्नई स्थित आवास पर बुलाया और व्यक्तिगत रूप से उनकी तारीफ की। रजनीकांत ने पद्मा को शॉल और सोने की चेन भेंट कर सम्मानित किया। यह पल पद्मा के लिए बेहद भावुक और खास रहा। थलाइवा जैसे सुपरस्टार से इस तरह का सम्मान मिलना उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बन गया।

मुख्यमंत्री भी कर चुके हैं सम्मानित

रजनीकांत से पहले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन भी पद्मा की ईमानदारी की सराहना कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें 1 लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया था। यह साबित करता है कि सच्ची नीयत और ईमानदारी आज भी समाज में सबसे बड़ा सम्मान दिला सकती है।

फिल्मों में व्यस्त हैं थलाइवा

वर्क फ्रंट की बात करें तो रजनीकांत जल्द ही अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर-2’ में नजर आने वाले हैं। फिलहाल वह इस फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। अपने अभिनय के साथ-साथ रजनीकांत लगातार अपने सामाजिक कार्यों और इंसानियत भरे कदमों से भी लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं। रजनीकांत का यह कदम एक बार फिर साबित करता है कि असली हीरो वही होता है, जो पर्दे के बाहर भी इंसानियत को सबसे ऊपर रखे।

Navbharat Live
navbharatlive.com