कार समुद्र में गिरी (pic credit; social media)
Maharashtra News: विरार के मारंबलपाड़ा घाट पर शनिवार दोपहर करीब 2 बजे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। यहां रो-रो बोट से उतरते समय चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे समुद्र में जा गिरी। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस, घाट पर मौजूद कर्मचारी और यात्रियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कार में सवार दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड की ओर से प्रतिदिन विरार और जलसार के बीच रो-रो सेवा चलाई जाती है। इस सेवा का उपयोग सैकड़ों यात्री दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ यात्रा करने के लिए करते हैं। शनिवार को भी एक नाव जलसार से विरार घाट पहुंची थी। इसी दौरान एक चारपहिया वाहन का चालक, बोट से वाहन उतारते समय नियंत्रण खो बैठा। नतीजतन, वाहन सीधा घाट से समुद्र में जा गिरा।
घटना होते ही वहां मौजूद यात्रियों, पुलिसकर्मियों और जेटी घाट स्टाफ ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू कर दिया। कार समुद्र में डूबने ही वाली थी कि उससे पहले उसमें फंसे दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इससे बड़ा हादसा टल गया। कुछ देर बाद कार को भी पानी से निकाल लिया गया।
घटना के बाद घाट क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। हालांकि किसी की जान नहीं गई, लेकिन इस घटना ने रो-रो सेवा की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रो-रो बोट से वाहनों को उतारते और चढ़ाते समय सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन होना चाहिए। यदि बचाव कार्य में थोड़ी भी देर होती, तो यह घटना जानलेवा साबित हो सकती थी।