दिल्ली में दर्जनों झुग्गियां जलकर खाक, आधी रात में धधक उठी आग; सन्नाटे में गूंजे सायरन

Rohini Fire: दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-18 स्थित शाहबाद दौलतपुर में बीती रात भयानक आग लग गई। घटना में 40 से 45 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। प्रशासन ने समय रहते मौके पर पुहंचकर आग पर काबू पाया।
delhi-rohini-fire-shahbad-daulatpur-slum-incident
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-18 स्थित शाहबाद दौलतपुर में बीती रात भयानक आग (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Delhi Rohini Slum Fire: दिल्ली में रविवार (31 अगस्त) की शाम रोहिणी सेक्टर-18 स्थित शाहबाद दौलतपुर की बंगाली बस्ती में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने 45 से ज्यादा झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेजी से फैल गईं कि सभी को घर छोड़कर बाहर निकलना पड़ा। दमकल की गाड़ियों के लगातार सायरन की आवाजों से देर रात तक पूरा इलाका अस्त-व्यस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या कोई जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

दमकल विभाग के अनुसार, शाम 7 बजकर 1 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। तुरंत ही 10 दमकल गाड़ियां और 10 एम्बुलेंस मौके पर भेजी गईं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद रात 8 बजकर 30 मिनट पर आग पर काबू पा लिया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने बताया कि घटना में कई परिवारों का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। वहीं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी करते रहे।

कैसे फैली आग और क्या रहा असर

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग अचानक झुग्गियों से उठी और कुछ ही मिनटों में कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। लोग जैसे-तैसे बाहर निकले और अपनी जान बचाई। कई परिवारों का सारा सामान, कपड़े और जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय रहते लोग बाहर आ गए, इसलिए किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

दमकल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

दिल्ली फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने जानकारी दी कि आग पर काबू पाने के लिए 10 दमकल गाड़ियां लगातार मौके पर लगी रहीं। पुलिस ने इलाके को घेरकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। प्रशासन ने कहा कि प्रभावित परिवारों को अस्थायी राहत और आवश्यक वस्तुएं मुहैया कराई जा रही हैं। दिल्ली पुलिस ने पुष्टि की कि आग लगने के कारण की जांच जारी है और फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है। अधिकारियों ने अपील की है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार करें।

जांच जारी, कारण अज्ञात

अधिकारियों का कहना है कि अभी तक आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। फायर विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और प्रभावित लोगों को जल्द मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com