वसई में गटर पर बना स्लैब ढहा (pic credit; social media)
Slab built on gutter collapsed in Vasai: वसई-विरार शहर में जर्जर इमारतों और टूटे-फूटे ढांचों की समस्या लगातार गहराती जा रही है। शुक्रवार शाम वसई पश्चिम के कृष्णा टाउनशिप इलाके में एक नाले पर बना स्लैब अचानक ढह गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन घटना ने एक बार फिर से शहर में खतरनाक स्लैब और ढांचों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कृष्णा टाउनशिप में नगर निगम का नाला गुजरता था जिससे नागरिकों को दुर्गंध और मच्छरों की समस्या होती थी। इसी को देखते हुए कुछ साल पहले मनपा ने नाले पर स्लैब डलवाया था। इस स्लैब पर बच्चों के बैठने के लिए बेंच और खिलौने रखे गए थे तथा एक छोटा सा बगीचा भी तैयार किया गया था। इलाके के लोग यहां रोजाना बैठकर समय बिताते थे।
इसे भी पढ़ें- वसई-विरार डूबा पानी में, रेलवे के 104 पॉइंट फेल, यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें
पिछले दो दिनों से शहर में लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार शाम अचानक इस स्लैब का बीच का हिस्सा ढह गया और उस पर रखे बेंच व खिलौने सीधे नाले में गिर गए। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक स्लैब के नीचे लगे लोहे के सरिए लंबे समय से जंग खा चुके थे और यह स्लैब काफी कमजोर हो चुका था। बारिश के दबाव और लगातार इस्तेमाल के चलते आखिरकार स्लैब टूट गया। नगर निगम की लापरवाही पर नागरिकों ने नाराजगी जताई और तुरंत सुरक्षा उपाय करने की मांग की।
यह शहर में स्लैब गिरने की पहली घटना नहीं है। बीते एक महीने में यह दूसरी बार है जब वसई में नाले पर बना स्लैब गिरा है। इससे पहले तहसील कार्यालय के पास भी एक स्लैब गिरने की घटना हो चुकी है। इसके अलावा, शहर के कई इलाकों में सड़क किनारे के स्लैब टूटी-फूटी हालत में दिखाई दे रहे हैं, जो कभी भी हादसे को न्योता दे सकते हैं।
निवासियों का कहना है कि नगर निगम को तुरंत शहर में खतरनाक स्लैब की जांच करनी चाहिए और मरम्मत का काम शुरू करना चाहिए। अन्यथा आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।