प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Chandrapur Crime News: चंद्रपुर जिले की नागभीड़ तहसील से अपने प्रेमी के साथ भागी एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने सातारा जिले में खोज निकाला। समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने लड़की और आरोपियों को आत्महत्या करने से रोक दिया और लड़की को सुरक्षित माता-पिता को सौंप दिया।
30 अगस्त 2025 को नागभीड़ थाने में लड़की के पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी का अपहरण कर लिया गया है। जांच के दौरान पता चला कि लड़की वासला मेंढा निवासी अतुल उद्धव गायकवाड़ (31) और उसके भतीजे पीपरडा निवासी समीर ईश्वर बोरकर (24) के साथ है।
पुलिस को गुप्त जानकारी मिली कि दोनों आरोपी लड़की के साथ जहर खाकर आत्महत्या करने की योजना बना रहे हैं। तुरंत ही पुलिस ने समीर बोरकर के मोबाइल का लोकेशन ट्रेस किया, जो सातारा जिले के फलटण ग्रामीण थाना क्षेत्र में मिला।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र चुनाव में वोट चोरी की डॉक्यूमेंट्री लिंक पर TRAI ने लगाया बैन, कांग्रेस बोली- सच…
सूचना मिलते ही नागभीड़ पुलिस ने फलटण ग्रामीण पुलिस से संपर्क किया। दोनों थानों की संयुक्त कार्रवाई में लड़की और आरोपी उपलवे गांव (तालुका फलटण) में मिल गए। पुलिस ने उन्हें आत्महत्या से बचाकर हिरासत में लिया।
05 सितंबर 2025 को नागभीड़ पुलिस की टीम सातारा से लड़की और आरोपियों को लेकर लौटी। आरोपी अतुल गायकवाड़ और समीर बोरकर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग लड़की को सुरक्षित रूप से उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।