एक साल बाद मणिपुर में लौटेगी लोकतांत्रिक सरकार, BJP के खेमचंद सिंह होंगे नए मुख्यमंत्री, चुने जाएंगे 2 डिप्टी

Manipur News: भाजपा ने मणिपुर में नई सरकार बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया। युमनाम खेमचंद सिंह विधायक दल के नेता चुने गए, नेमचा किपगेन उपमुख्यमंत्री, समुदाय संतुलन के लिए पद बांटे जा रहे हैं।
Manipur New CM Yumnam Khemchand Singh
युमनाम खेमचंद सिंह आज मणिपुर के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Manipur New CM Yumnam Khemchand Singh: भारतीय जनता पार्टी ने मणिपुर में लगभग एक वर्ष तक राष्ट्रपति शासन रहने के बाद नई सरकार के गठन की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता युमनाम खेमचंद सिंह को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है और उनके नेतृत्व में राज्य में नई सरकार बनाई जाएगी। इसके साथ ही मणिपुर में दो उपमुख्यमंत्री नियुक्त करने की तैयारियां भी चल रही हैं।

फिलहाल उपमुख्यमंत्री पद के लिए नेमचा किपगेन का नाम सामने आया है। इसका उद्देश्य राज्य में विभिन्न समुदायों के बीच संतुलन कायम करना माना जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच गंभीर हिंसा हुई थी। हालात बिगड़ने पर तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को पद छोड़ना पड़ा था, जिसके बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया था।

कौन है युमनाम खेमचंद सिंह?

भाजपा नई सरकार के जरिए राज्य में भरोसा बहाल करने की कोशिश कर रही है। युमनाम खेमचंद सिंह मैतेई समुदाय से आते हैं, जबकि नेमचा किपगेन कुकी समाज का प्रतिनिधित्व करती हैं। पार्टी के इस कदम को दोनों समुदायों के बीच विश्वास बढ़ाने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है।

इसके अलावा, एक अन्य उपमुख्यमंत्री पद नगा समुदाय को दिए जाने की भी चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि यह पद नागा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के किसी नेता को मिल सकता है। एनपीएफ विधानसभा में पांच विधायकों के साथ नगा समुदाय का प्रतिनिधित्व करती है।

नई सरकार के गठन को लेकर भाजपा विधायकों की बैठक मंगलवार को हुई, जिसमें पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक तरुण चुघ, पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बैठक में सर्वसम्मति से खेमचंद सिंह को विधायक दल का नेता चुना गया।

फरवरी 2025 से राष्ट्रपति शासन लागू

उल्लेखनीय है कि मणिपुर में 13 फरवरी 2025 से राष्ट्रपति शासन लागू है। इसके तहत 60 सदस्यीय विधानसभा को निलंबित कर दिया गया था। वर्तमान में भाजपा के पास 37 विधायक हैं और पार्टी बहुमत के आधार पर दोबारा सरकार बनाने की स्थिति में है।

विधानसभा की वर्तमान स्थिति

2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 32 सीटें जीती थीं। जनता दल (यूनाइटेड) ने छह सीटें हासिल की थीं, जिनमें से बाद में पांच विधायक भाजपा में शामिल हो गए, जिससे उसकी संख्या बढ़ गई। इसके अलावा विधानसभा में नेशनल पीपुल्स पार्टी के छह, नागा पीपुल्स फ्रंट के पांच, कांग्रेस के पांच, कुकी पीपुल्स अलायंस के दो, जेडीयू का एक और तीन निर्दलीय विधायक हैं। एक विधायक के निधन के कारण फिलहाल विधानसभा की एक सीट रिक्त है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com