'भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच नहीं होना चाहिए', सुनील शेट्टी के बाद नाना पाटेकर ने कही ये बात

Asia Cup Match 2025: एशिया कप 2025 में भारत-पाक मैच खेलने को लेकर बवाल मचा हुआ है। ऐसे में सुनील शेट्टी के बाद नाना पाटेकर ने अपनी राय रखी और कहा कि भारत को पाकिस्तान के साथ मैच नहीं खेलना चाहिए।
Nana Patekar
नाना पाटेकर (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nana Patekar Reacts On Asia Cup Match 2025: एशिया कप 2025 के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का माहौल बन चुका है। खासतौर पर हालिया जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत में कई पाकिस्तानी कलाकारों और सोशल मीडिया अकाउंट्स को बैन किया जा चुका है। इसी बीच अब देशभर में भारत-पाकिस्तान के इस मुकाबले का भी विरोध जोर पकड़ रहा है।

बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता नाना पाटेकर ने भी इस विवाद पर अपनी बेबाक राय रखी है। हाल ही में न्यूज एजेंसी आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, "मुझे इस पर बोलना नहीं चाहिए, लेकिन मेरी निजी राय यह है कि भारत को पाकिस्तान के साथ मैच नहीं खेलना चाहिए। जब हमारे लोगों का खून बह चुका है, तो फिर उनके साथ खेल क्यों खेला जाए?" नाना पाटेकर का मानना है कि वे केवल उन मामलों पर बोलने चाहिए जो उनके अधिकार क्षेत्र में हैं, लेकिन यह एक ऐसी स्थिति है जहां उनकी आवाज बनती है।

सुनील शेट्टी ने मैच पर रखी थी अपनी राय

इससे पहले अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी भारत-पाक मैच पर अपनी राय रखी थी, लेकिन उनका नजरिया थोड़ा संतुलित रहा। उन्होंने कहा था कि एशिया कप एक वर्ल्ड स्पोर्ट ऑर्गनाइजेशन के नियमों के तहत संचालित होता है, इसलिए सभी देशों को रूल्स फॉलो करना जरूरी है। सुनील शेट्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह व्यक्तिगत विकल्प है कि कोई दर्शक या नागरिक मैच देखना चाहे या नहीं।

सुनील शेट्टी ने आगे यह भी कहा कि खिलाड़ियों को इस मैच के लिए दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए क्योंकि वे केवल देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनका कहना था, "खिलाड़ी केवल खेल में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए जिम्मेदार होते हैं, उन्हें राजनीतिक मुद्दों से जोड़ा नहीं जाना चाहिए। यह निर्णय भारत सरकार या बीसीसीआई का नहीं, बल्कि वर्ल्ड स्पोर्ट ऑर्गनाइजेशन का है।"

सोशल मीडिया पर लोग दे रहे हैं रिएक्शन

इस विवाद के बीच सोशल मीडिया पर फैंस और आम नागरिक इसपर दो धड़ों में बंटे नजर आ रहे हैं। एक तरफ जहां नाना पाटेकर जैसे सेलेब्रिटी खुलकर विरोध कर रहे हैं, वहीं सुनील शेट्टी जैसे कलाकार एक समझौते की राह दिखा रहे हैं। आने वाले दिनों में यह बहस और भी गरमाने वाली है, खासकर जब मैच का दिन नजदीक आएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com