एयरलाइंस की फोटो, ( सो. सोशल मीडिया )
नवभारत इंटरनेशनल डेस्क: लंदन से मुंबई जा रही वर्जिन अटलांटिक की फ्लाइट VS 358 को मेडिकल इमरजेंसी के कारण तुर्की के दियारबाकिर एयरपोर्ट (DIY) पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। बता दें कि यह एयरपोर्ट इस प्रकार की उड़ानों के लिए उपयुक्त नहीं था, फिर भी लैंडिंग करानी पड़ी।
विमान में 200 से अधिक भारतीय यात्री 16 घंटे से ज्यादा समय तक वहां फंसे रहे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लैंडिंग के दौरान विमान में तकनीकी खराबी भी आ गई थी।
एक रिपोर्ट के अनुसार, एक यात्री को घबराहट महसूस होने के कारण विमान की आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। हालांकि, तुर्की का एयरपोर्ट इस स्थिति को संभालने के लिए पूरी तरह सक्षम नहीं था। एक यात्री ने बताया कि कई यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है, क्योंकि वर्जिन अटलांटिक एयरलाइन ने अपनी उड़ान फिर से शुरू करने के लिए कोई वैकल्पिक योजना घोषित नहीं की है।
एक अन्य यात्री ने कहा कि हम एक अधूरी जानकारी के साथ, लगभग खाली पड़े टर्मिनल में फंसे हुए हैं। हमारे साथ छोटे बच्चे, महिलाएं और कुछ बीमार यात्री भी हैं। हमें केवल कल शाम को दो हैंडआउट्स दिए गए थे, और उसके बाद से हमें कोई नई सूचना नहीं मिली है। अब हमें यहां उतरे करीब 14 घंटे हो चुके हैं। कृपया DIY से BOM तक पहुँचने के लिए एक वैकल्पिक यात्रा की योजना बनाएं।
विदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
एक एक्स उपयोगकर्ता ने बताया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सहायता देने का आश्वासन दिया है, और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने स्थिति को प्रबंधित करने के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वो तब तक काम करते रहेंगे जब तक की सभी यात्री सुरक्षित लौट नहीं आते। इस समय प्राथमिकता यह है कि यात्रियों की वापसी के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जाए।
ध्यान देने योग्य है कि पिछले महीने एक अलग घटना में, एयर इंडिया की शिकागो से दिल्ली जाने वाली उड़ान AI126 को प्रस्थान स्थल पर लौटना पड़ा था। इसका कारण यह था कि बोइंग 777 जेट के कई शौचालय काम नहीं कर रहे थे। एयरलाइन के अनुसार, यह समस्या यात्रियों द्वारा ‘पॉलीथीन बैग, लत्ता और कपड़े’ फ्लश करने की वजह से उत्पन्न हुई थी।