इस शहर में बीमार पड़े तो मिलेगा 'देशनिकाला', जानें किस देश ने जारी किया अजीबोगरीब आदेश
नवभारत डेस्क: किसी भी देश या फिर शहर में आने-जाने पर प्रतिंबध लगाया जा सकता है। बोलने या कुछ करने की आजादी पर भी पाबंदी लगाई जा सकती है। लेकिन क्या आपने इससे पहले कभी सुना है कि कहीं बीमार होने पर भी बैन लगाया जाता है। जी हां, दुनिया का एक ऐसा शहर भी है जहां लोगों के बीमार होने पर बैन लगाया गया है। तो अगर आपको उस शहर में रहना है तो फिर खुद को बीमार होने से बचाए रखना होगा।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, साउथ इटली के कैलाब्रिया क्षेत्र में एक छोटे से शहर बेलकास्त्रो में ये आदेश जारी किया गया है। बेलकास्त्रो के मेयर एंटोनियो तोरचिया ने इस तरह का अजीबोगरीब आदेश जारी कर हर ओर हलचल मचा दी है। मेयर के आदेश के अनुसार, इस शहर में बीमार पड़ने पर सख्त पाबंदी है। खासकर ऐसी बीमारियों से जिसके लिए डॉक्टर के पास जाकर इलाज कराना पड़ता है।
मेयर एंटोनियो तोरचिया ने बताया कि हम इस आदेश को थोड़ा मजाक के तौर पर ले रहे हैं, लेकिन इसके माध्यम से हम शहर में स्वास्थ्य सेवाओं की खस्ता हालत की तरफ ध्यान दिलाना चाहते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि बेलकास्त्रो शहर की कुल जनसंख्या करीब 1300 है। इसमें आधे से ज्यादा लोग बुजुर्ग हैं। इस शहर में एक हेल्थ सेंटर तो है, लेकिन वह अक्सर बंद ही रहता है। वहीं, छुट्टी वाले दिन इमरजेंसी और रात के समय कोई भी डॉक्टर वहां उपलब्ध नहीं रहता है। आसपास के हेल्थ सेंटर भी बंद हैं और यहां से सबसे नजदीकी इमरजेंसी रूम लगभग 45 किलोमीटर दूर कैटानजारो शहर में है। ऐसे में जरूरी है कि एहतियातन ऐसे आदेश जारी किए जाएं।
विदेश की ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें!
मेयर एंटोनियो तोरचिया ने कहा कि ये आदेश केवल लोगों को उकसाने के लिए नहीं है, बल्कि ये आदेश मदद की गुहार है। उन्होंने कहा कि इस आदेश के माध्यम से हम एक ऐसी स्थिति की ओर ध्यान दिलाना चाहते हैं जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है। लोगों से अपील करते हुए मेयर ने आगे कहा कि लोग ऐसा कोई काम न करें जिससे उनको किसी तरह का नुकसान पहुंचे या वो खुद बीमार हो जाएं।