नीरज चोपड़ा (फोटो-सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क: नीरज चोपड़ा ने चोट के बाद शानदार वापसी की है। भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने साउथ अफ्रीका में पॉट इनविटेशनल ट्रैक प्रतियोगिता जीतकर शुरुआत की है। यह प्रतियोगिता साउथ अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में आयोजित किया जा रहा है।
चोपड़ा ने बुधवार को वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर चैलेंजर प्रतियोगिता में 84.52 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर शीर्ष स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल भी अपने नाम किया। इस भाला फेंक प्रतियोगिता में कुल छह ने हिस्सा लिया। उसमें नीरज चोपड़ा ने पहला स्थान हासिल किया। कोई भी खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के आस पास नहीं दिखा। हालांकि नीरज ने अपना बेस्ट नहीं दिया था।
नीरज चोपड़ा का प्रदर्शन उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 89.94 मीटर से कम था, जबकि स्मिट अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 83.29 मीटर के करीब पहुंच गए। केवल दो खिलाड़ियों ने ही 80 मीटर की दूरी पार की थी। इसमें नीरज चोपड़ा और स्मिट थे। वहीं साउथ अफ्रीका के एक अन्य खिलाड़ी डंकन रॉबर्टसन 71.22 मीटर के प्रयास के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
चोपड़ा अपने नए कोच चेक गणराज्य के जान ज़ेलेज़नी की निगरानी में पोटचेफस्ट्रूम में अभ्यास कर रहे हैं। ज़ेलेज़नी तीन बार के ओलंपिक चैंपियन और विश्व रिकॉर्ड धारक हैं। भारत का यह 27 वर्षीय खिलाड़ी पिछले साल लंबे समय तक अपने कोच रहे जर्मनी के क्लॉस बार्टोनिट्ज़ से अलग हो गए थे।
चोपड़ा 16 मई को दोहा डायमंड लीग में एलीट प्रतियोगिताओं में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। उन्होंने 2020 तोक्यो (स्वर्ण) और 2024 पेरिस खेलों (रजत) में लगातार ओलंपिक पदक जीते। चोपड़ा का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 89.94 मीटर है जो उन्होंने 2022 में हासिल किया था। वह पिछले लंबे समय से 90 मीटर का आंकड़ा छूने का प्रयास कर रहे हैं।
खेल जगत से जुड़ी अन्य सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पॉट इनविटेशनल ट्रैक प्रतियोगिता दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में आयोजित होने वाली एक प्रतिष्ठित एथलेटिक्स प्रतियोगिता है। यह प्रतियोगिता विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं जैसे कि दौड़, कूद और फेंकने वाले आयोजनों के लिए एक मंच प्रदान करती है।