बांग्लादेश की छुट्टी...टी20 वर्ल्ड कप में इस टीम की खुली किस्मत, बैठे-बिठाए लगी 'जैकपॉट' लॉटरी

ICC T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 से बांग्लादेश के बाहर होते ही स्कॉटलैंड की किस्मत चमकी, अब वही टीम बांग्लादेश की जगह आईसीसी वर्ल्ड कप के मुकाबले खेलती नजर आएगी
Scotland cricket team
स्कॉटलैंड ​क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिय)
Published on: 
Updated on: 

Bangladesh Cricket Board: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट टीम का सफर आधिकारिक तौर पर खत्म हो गया है। काफी समय से चल रहे विवाद के बाद अब यह साफ हो चुका है कि बांग्लादेश इस मेगा टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेगा। इस फैसले का ऐलान हाल ही में किया गया, जिससे आईसीसी के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।

ICC के अल्टीमेटम के आगे नहीं झुका बांग्लादेश

इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत आईसीसी के सख्त रुख से हुई थी। क्रिकेट की वैश्विक संस्था ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को स्पष्ट शब्दों में कहा था कि अगर टीम को टी20 वर्ल्ड कप खेलना है, तो उसे भारत आकर ही अपने मुकाबले खेलने होंगे। आईसीसी ने इस फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए बांग्लादेश को एक दिन का समय भी दिया था, जिसकी समयसीमा गुरुवार को खत्म हो रही थी। लेकिन तय वक्त से पहले ही बांग्लादेश ने भारत जाकर खेलने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसका टूर्नामेंट से बाहर होना तय हो गया।

बांग्लादेश के बाहर होते ही तय हुआ रिप्लेसमेंट

बांग्लादेश के हटते ही सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हुआ कि उसकी जगह कौन सी टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलेगी। इस पर आईसीसी पहले से ही वैकल्पिक योजना तैयार कर चुका था। आईसीसी रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड की टीम को बांग्लादेश के रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना गया है। हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है, लेकिन फैसला लगभग तय माना जा रहा है।

ग्रुप C में स्कॉटलैंड की होगी एंट्री

स्कॉटलैंड की टीम को उसी ग्रुप C में शामिल किया जाएगा, जहां पहले बांग्लादेश को रखा गया था। इसका मतलब यह है कि टूर्नामेंट के शेड्यूल में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा। जो मुकाबले बांग्लादेश को खेलने थे, वही अब स्कॉटलैंड की टीम खेलेगी। इस ग्रुप में पहले से वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, इटली और नेपाल की टीमें शामिल हैं।

7 फरवरी को पहला मुकाबला, बदला सिर्फ नाम

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है। पहले दिन कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे। बांग्लादेश को इसी दिन कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला मैच खेलना था। अब मुकाबला उसी वेन्यू पर होगा, लेकिन बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड की टीम वेस्टइंडीज से भिड़ती हुई नजर आएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com