सूर्या ने पूरा किया शून्य से लेकर शिखर तक का सफर...ICC ट्रॉफी जीतने के बाद शेयर की 12 साल पुरानी तस्वीर

Suryakumar Yadav Viral Photo: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर सूर्यकुमार यादव ने इतिहास रच दिया। सूर्या आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले चौथे भारतीय कप्तान बन गए।
Suryakumar Yadav 12 year old photo
सूर्यकुमार यादव अपनी 12 साल पुरानी तस्वीर के साथ (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Suryakumar Yadav share his 2014 Photo: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद अब सूर्यकुमार की एक पुरानी सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

पुरानी फोटो हुई वायरल

दरअसल सूर्यकुमार यादव की एक फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसे उन्होंने करीब 12 साल पहले पोस्ट किया था। यह फोटो जनवरी 2014 की है, जब उन्होंने अपने एक दोस्त के पेट्रोल पंप के उद्घाटन के मौके पर तस्वीर साझा की थी। उस समय सूर्यकुमार भारतीय क्रिकेट में बड़ा नाम नहीं थे, इसलिए यह पोस्ट ज्यादा चर्चा में नहीं आई थी। हालांकि टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद फैंस ने उनकी इस पुरानी पोस्ट को फिर से खोज निकाला और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। टीम इंडिया के चैंपियन बनने के बाद इस तस्वीर को लेकर फैंस के बीच काफी चर्चा होने लगी।

सूर्यकुमार का मजेदार कमेंट

अपनी पुरानी पोस्ट के वायरल होने के बाद खुद सूर्यकुमार यादव ने भी उस पर मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ अपनी एक नई फोटो पोस्ट की और पुराने पोस्ट को याद करते हुए लिखा कि आज इस व्यक्ति के लिए बहुत खुश हूं। सूर्यकुमार के इस मजेदार कमेंट ने फैंस का दिल जीत लिया। सोशल मीडिया पर उनकी इस पोस्ट को लाखों लोग लाइक कर रहे हैं और कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। फैंस इसे सूर्या की सादगी और शानदार सफर से जोड़कर देख रहे हैं।

टीम इंडिया ने रचा इतिहास

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गई। इससे पहले भारत 2007 और 2024 में भी यह खिताब जीत चुका है।

सूर्यकुमार बने ऐसे चौथे भारतीय कप्तान

टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के साथ ही सूर्यकुमार यादव आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले चौथे भारतीय कप्तान बन गए हैं। उनसे पहले कपिल देव, सौरव गांगुली, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा भारत को आईसीसी खिताब दिला चुके हैं। अगर सूर्यकुमार यादव के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 100 से ज्यादा मैच खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में वह 3272 रन बना चुके हैं और इस दौरान चार शतक भी लगा चुके हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता ने उन्हें आधुनिक क्रिकेट के सबसे खास खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com