
जिला अस्पताल में मिला शव (सौजन्य-नवभारत)
Dead Fetus Found Wardha: तीन दिन पहले बालरोग विभाग से सटे रिकॉर्ड कक्ष में आगजनी की घटना की चर्चा थमी ही नहीं थी कि जिला अस्पताल में एक और गंभीर मामला सामने आया है। शनिवार, 27 दिसंबर की सुबह अस्पताल के शौचालय में मृत अवस्था में नवजात भ्रूण पाए जाने से खलबली मच गई। सूचना मिलते ही अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने पंचनामा कर प्रकरण में जांच आगे बढ़ाई है। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पूर्व जिला अस्पताल की इमारत क्रमांक 2 के दूसरे माले पर आग लगी थी। इसमें कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन स्टोर रूम व रिकॉर्ड रूम पूरी तरह जलकर खाक हो गए थे। इस आगजनी में कुछ दवाइयां एवं महत्वपूर्ण रिकॉर्ड भी नष्ट हो गए थे।
इस घटना की चर्चा अभी चल ही रही थी कि शनिवार सुबह एक और गंभीर मामला उजागर हुआ। अस्पताल के एएनसी ओपीडी से सटे बाथरूम में नवजात शिशु मृत अवस्था में पाया गया। सुबह बाथरूम की सफाई के लिए पहुंची महिला कर्मचारी को जैसे ही भ्रूण दिखाई दिया, पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया। खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तुरंत बाथरूम को सील कर पुलिस को सूचना दी गई। शहर थाना पुलिस उपनिरीक्षक बानोद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पंचनामा कर मृत भ्रूण को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद जिला अस्पताल के कर्मचारियों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
यह भी पढ़ें – किडनी तस्करी: मास्टरमाइंड निकला कंबोडिया का डॉक्टर, वायरल वीडियो ने खोले राज, पुलिस के हाथ लगे सबूत
क्या किसी ने नवजात शिशु को बाथरूम में लाकर फेंक दिया, या फिर किसी महिला की वहीं प्रसूति हुई, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। जिला शल्य चिकित्सक डॉ. सुमंत वाघ ने प्रकरण में जांच चल रही है, ऐसा बताया।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि उक्त भ्रूण पुरुष जाति का था और लगभग 8 माह का बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने उसे मध्यरात्रि या तड़के बाथरूम में लाकर फेंका होगा। एएनसी ओपीडी होने के कारण यहां सुबह से ही भीड़ रहती है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि आगजनी की घटना के बाद इमारत में लगी फायर सिस्टम की विफलता सामने आई थी। वहीं, शनिवार को बाथरूम में मृत भ्रूण मिलने के बाद यह भी सामने आया कि अस्पताल में लगे अधिकांश सीसीटीवी कैमरे बंद हैं। जिस इमारत में यह घटना हुई, उसके एक छोर का सीसीटीवी बंद था, जबकि अन्य कुछ स्थानों पर भी कैमरे बंद पाए गए। जो सीसीटीवी चालू हैं, उनकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।






