पिंपरी: पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका ( Pimpri-Chinchwad Municipal Corporation) के माध्यम से पिंपरी मिलिट्री डेरी फार्म रेलवे गेट ( Pimpri Military Dairy Farm Railway Gate) के पास नए से फ्लाईओवर ब्रिज (Flyover Bridge) का टेंडर (Tender) जारी किया गया। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही इसका काम शुरू कर दिया जाएगा। यह ब्रिज पिंपरीगांव, पिंपरी कैंप, पिंपले सौदागर सहित आसपास के इलाकों को सीधे पुणे- मुंबई हाइवे (Pune- Mumbai Highway) को जोड़ेगा। इससे पिंपरी में यातायात की समस्या हल होने में मदद मिलेगी। हालांकि यह ब्रिज अभी टेंडर प्रक्रिया में ही है, लेकिन इसके श्रेय के लिए बीजेपी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में होड़ मच गई है।
इस फ्लाईओवर ब्रिज के निर्माण के लिए करीबन 58 करोड़ रुपए का टेंडर जारी होते ही बीजेपी के पूर्व स्थानीय नगरसेवक संदीप वाघेरे ने इस ब्रिज के लिए किए गए प्रयासों की एक विज्ञप्ति जारी की। साथ ही पूरे पिंपरी, पिंपरी गांव इलाकों में फ्लेक्स और होर्डिंग्स के जरिए विज्ञापनबाजी की। इसके बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पूर्व शहराध्यक्ष और पूर्व स्थानीय नगरसेवक संजोग वाघेरे ने भी अलग से विज्ञप्ति जारी की पूरे पिंपरी में फ्लेक्सबाजी की। दोनों स्थानीय नेताओं में डेरी फार्म फ्लाईओवर ब्रिज के श्रेय लिए मची होड़ और पिंपरी में जारी फ्लेक्सबाजी की चर्चा पूरे शहर में जोरों में जारी है।
इस संबंध में पूर्व महापौर संजोग वाघेरे ने कहा कि यह फ्लाईओवर पिंपरी-चिंचवड शहर के साथ-साथ पिंपरी कैंप और पिंपरी गांव के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण मुद्दा था। पिंपरी मिलिट्री डेअरी फार्म रेलवे फ्लाईओवर का कार्य महानगरपालिका के माध्यम से आवश्यक प्रस्तावों के अनुमोदन के साथ-साथ सभी संबंधित सरकारी कार्यालयों, राज्य सरकार और केंद्र सरकार के स्तर पर निरंतर अनुवर्ती कार्रवाई के कारण शुरू किया गया है। ये प्रयास सफल रहे हैं। यह फ्लाईओवर इस क्षेत्र में यातायात की समस्या को स्थायी रूप से हल करने में मदद करेगा। इस ब्रिज को मंजूरी मिलने के लिए वाघेरे ने एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रेल और रक्षा विभाग, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का धन्यवाद अदा किया है। पूर्व नगरसेविका उषा वाघेरे, नगरसेवक डब्बू आसवानी, रंगनाथ कुदले, हरेश आसवानी, हनुमंत नेवाले, दत्ता वाघेरे, प्रभाकर वाघेरे, माधुरी मूलचंदानी, सुनीता वाघेरे, गिरिजा कुदले ने भी समय-समय पर इस फ्लाई ओवर की समस्या को दूर करने की कोशिश की।