

Sion Flyover News Mumbai: मुंबई की ट्रैफिक व्यवस्था की लाइफलाइन माने जाने वाले सायन फ्लाईओवर के पुननिर्माण को लेकर बृहन्मुंबई नगर निगम ने अब स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है। मध्य मुंबई में ईस्ट और वेस्ट को जोड़ने वाले इस अहम प्रोजेक्ट का काम मई 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
बीएमसी के अतिरिक्त निगमायुक्त अभिजीत बांगर ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि यदि काम तय समयसीमा के भीतर संपन्न हुआ, तो 1 जून 2026 से यह फ्लाईओवर आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। हाल ही में अतिरिक्त आयुक्त बांगर ने प्रोजेक्ट साइट का दौरा कर निर्माण कार्य की समीक्षा की। इस दौरान इन्फ्रास्ट्रक्चर विभाग के उपायुक्त गिरीश निकम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी हाल में निर्माण कार्य की डेडलाइन मिस नहीं होनी चाहिए।
फ्लाईओवर की मजबूती के लिए इस्तेमाल होने वाले गर्डर का निर्माण मुंबई में नहीं, बल्कि नागपुर और अंबाला की फैक्ट्रियों में किया जा रहा है। बीएमसी ने गुणवत्ता से कोई समझौता न करने का फैसला किया है। इसके लिए निगम के प्रतिनिधि इन शहरों में मौजूद रहकर फैब्रिकेशन प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं, ताकि मुंबई में मटेरियल समय पर पहुंचे।
अधिकारियों के मुताबिक, 15 अप्रैल 2026 के बाद पूर्वी तरफ की एक्सेस रोड का काम शुरू होगा, जिसे पूरा करने के लिए 45 दिनों का समय निर्धारित किया गया है। इस प्रकार, 31 मई 2026 तक सिविल वर्क पूरा कर लिया जाएगा और अगली सुबह यानी 1 जून से वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकेगी।