नागपुर न्यूज
Nagpur Latest News: नागपुर मनपा ने घर-घर से रोजाना कचरा इकट्ठा करने के लिए 2 कंपनियों को नियुक्त किया है लेकिन दिवाली के दौरान घरों से भारी मात्रा में पुराने कपड़े, टूटी प्लास्टिक की कुर्सियां, कांच, ई-कचरा निकलता है। दीपावली के समय घर की सफाई करते हुए भारी मात्रा में निकलने वाले कचरे का निपटारा कैसे किया जाए? इसे लेकर समस्या होती है।
मनपा ने इस समस्या का हल निकालते हुए दीपावली के पूर्व अतिरिक्त कचरा स्वीकार करने के लिए विशेष सेंटर्स बनाने का निर्णय लिया। योजना पर अमल करने के लिए 100 स्थानों पर संग्रहण केंद्र तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। विशेषत: गत वर्ष मनपा ने केंद्र सरकार के ‘स्वच्छ दिवाली, खुशहाल दिवाली’ अभियान के तहत शहर में करीब 150 कलेक्शन सेंटर बनाए थे। हालांकि पिछले साल मनपा को कुछ कलेक्शन सेंटरों पर कम ही प्रतिसाद मिला था, इसलिए अधिकारियों ने इस साल कलेक्शन सेंटरों की संख्या घटाकर 100 करने की संभावना जताई है।
बताया जाता है कि हर वार्ड में 3-4 कलेक्शन सेंटर बनाए जाएंगे। इसके लिए जगहों की सूची तैयार की जा रही है। कलेक्शन सेंटर पर मनपा के कर्मचारी दिवाली के दौरान घरों से आने वाले पुराने कपड़े, ई-कचरा, टूटे प्लास्टिक के साथ-साथ लकड़ी की कुर्सियां, कांच की सामग्री, खिलौने आदि स्वीकार करेंगे। मनपा के अधिकारियों ने संकेत दिया कि इसके लिए कुछ जगहों पर सामाजिक संगठनों की भी मदद ली जाएगी। फिलहाल कलेक्शन सेंटर कहां स्थापित किया जाए, इस पर अध्ययन चल रहा है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि योजना 12 अक्टूबर से यह अभियान शुरू करने की है।
पिछले वर्ष 17 टन कचरा इकट्ठा किया गया था। इसमें पुराने कपड़े, लकड़ी या प्लास्टिक का सामान, घरेलू बर्तन, कुर्सियां, खिलौने, अलमारियां, चप्पलें, जूते, किताबों का कचरा और इलेक्ट्रॉनिक सामान शामिल थे। 12,726 किलोग्राम कपड़ा, 912 किलोग्राम प्लास्टिक, 586 किलोग्राम कागज, 673 किलोग्राम ई-कचरा, 170 किलोग्राम घरेलू सामान, 785 किलोग्राम लकड़ी और 1010 किलोग्राम से अधिक अन्य सामान इकट्ठा किया गया।
यह भी पढ़ें – सोना-चांदी की कीमतें हुईं बेकाबू, पुराने रिकॉर्ड हुए ध्वस्त, पिछले 8 दिनों में GST ने बिगाड़ा खेल
गत वर्ष अभियान के तहत पहली बार शहर में 150 जगहों पर दिवाली कचरा संग्रहण केंद्र स्थापित किए गए थे। नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में इसका स्वागत किया। 14,138 नागरिकों ने इस सुविधा का लाभ उठाया था। मनपा आयुक्त अभिजीत चौधरी, अतिरिक्त आयुक्त, उपायुक्त, घनकचरा प्रबंधन विभाग के प्रमुख ने नागरिकों से कचरा देने की अपील की थी।