प्रतीकात्मक तस्वीर
नागपुर. मनीषनगर-बेसा रोड पर शनिवार को दोपहर में दर्दनाक हादसा हुआ। अपने दोपहिया वाहन से भाई के साथ परीक्षा केंद्र जा रही युवती को ट्रक ने कुचल दिया। भाई भी ट्रक की चपेट में आकर बुरी तरह जख्मी हो गया। इस हादसे में ट्रक चालक की कोई चूक नहीं थी क्योंकि ट्रक को ओवरटेक करते समय वाहन स्लिप होने से यह हादसा हुआ।
मृतक पांजरा, कोराड़ी निवासी प्रियंका योगेश मानकर (26) बताई गई। जख्मी योगेश आकरे (21) का अस्पताल में उपचार जारी है। प्रियंका बैंकिंग परीक्षा की तैयारी कर रही थी। शनिवार को उसकी परीक्षा थी और केंद्र बेसा के एमके संचेती स्कूल में था। दोपहर 12.30 बजे प्रियंका और योगेश दोपहिया वाहन (एम. एच. 40-सी. आर. 3403) से परीक्षा केंद्र जा रहे थे। मनीषनगर से बेसा की ओर जाते समय टिल्ट बीयर बार के सामने योगेश ने सामने चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान सामने एक माल वाहन आ गया। निकलने का कोई रास्ता नहीं था। इसीलिए योगेश ने जोर से ब्रेक लगा दिया। उसकी गाड़ी स्लिप हो गई और दोनों बाईं तरफ गिर गए। प्रियंका का सिर ट्रक के पिछले चक्के के नीचे कुचला गया। योगेश ने हेलमेट पहन रखा था। इसीलिए वह बच गया। पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: नागपुर में एक और हिट एंड रन का मामला, 2 युवकों को उड़ाकर भागा वाहन चालक, 1 की मौत
सूचना मिलते ही बेलतरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया लेकिन डॉक्टर ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद करीब आधा घंटे तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया लेकिन आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि हादसे में ट्रक चालक की कोई गलती नहीं थी। दुर्घटना लापरवाही से ओवरटेक करने के चक्कर में हुई।