मुंबई में कड़ा पहरा: गणेश विसर्जन और ईद-ए-मिलाद पर 22,000 पुलिसकर्मी तैनात, पहली बार AI से निगरानी

Mumbai News: मुंबई में गणेश विसर्जन और ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसमें 22,000 पुलिसकर्मी तैनात हैं। 10,000 कैमरों व AI तकनीक से भीड़ पर नजर रखी जाएगी।
मुंबई पुलिस (pic credit; social media)
मुंबई पुलिस (pic credit; social media)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai police on high alert: मुंबई इस शनिवार पूरी तरह सुरक्षा के घेरे में होगी। अनंत चतुर्दशी के गणेश विसर्जन और ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के जुलूसों के लिए पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। शहर में 22,000 से अधिक पुरुष और महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि दोनों पर्व शांति और सौहार्द के माहौल में संपन्न हों।

शहर में करीब 6,500 सार्वजनिक और 1.75 लाख घरेलू गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन 65 प्राकृतिक जलाशयों और 205 कृत्रिम तालाबों में होगा। भीड़ प्रबंधन के लिए इस बार पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का उपयोग किया जाएगा। 10,000 से अधिक CCTV कैमरों और ड्रोन के जरिए भीड़ पर लगातार नजर रखी जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था में 12 अतिरिक्त आयुक्त, 40 उपायुक्त, 61 सहायक आयुक्त, 3,000 अधिकारी और 18,000 कांस्टेबल शामिल हैं। इसके अलावा 14 राज्य रिजर्व पुलिस बल, 4 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की कंपनियां, बम निरोधक दस्ते, त्वरित प्रतिक्रिया दल और 3,000 ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे। रेलवे स्टेशनों पर 454 सरकारी रेलवे पुलिसकर्मी खास तौर पर मौजूद रहेंगे।

जुहू बीच, दादर चौपाटी, गिरगांव चौपाटी, बोरीवली, कांदिवली और वडाला जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी की जाएगी। विसर्जन मार्गों पर ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए कई सड़कों पर डायवर्जन लागू किए गए हैं। ईद-ए-मिलाद के जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए CCTV कैमरे, ड्रोन और चेकप्वॉइंट तैयार किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकवादी खतरे को देखते हुए एंटी-टेररिस्ट सेल और क्राइम ब्रांच के अधिकारियों को सादे लिबास में भीड़ में तैनात किया है।

मुंबई पुलिस का कहना है कि सुरक्षा और श्रद्धालु दोनों सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। पुलिस ने अपील की है कि नागरिक अफवाहों से दूर रहें और यातायात नियमों का पालन करें।