Road Accident: गुरुवार बना हादसों का दिन, महाराष्ट्र में कई सड़क दुर्घटनाओं से मातम

Accident News: महाराष्ट्र में गुरुवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। पुणे में ऑटो दुर्घटना में 3 मजदूरों की जान गई, जबकि जालना, बुलढाणा और कोंकण में भी हादसे हुए।
Road accident
सड़क हादसा (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra Road Accident News: महाराष्ट्र में गुरुवार का दिन सड़क हादसों के लिहाज से बेहद दर्दनाक रहा। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हुए भीषण सड़क हादसों में कुल छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

पुणे, जालना, बुलढाणा और कोकण क्षेत्र में हुई इन दुर्घटनाओं से पूरे राज्य में शोक का माहौल है। एक ही दिन में अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुणे जिले में सबसे ज्यादा जानमाल का नुकसान दर्ज किया गया, जहां तीन लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा जालना, बुलढाणा और कोकण में हुई घटनाओं में तीन अन्य लोगों की जान चली गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थलों पर पहुंचकर जांच और राहत कार्य में जुटी रहीं।

पिंपरी में हुआ भयंकर हादसा

पिंपरी-चिंचवड़ शहर के खराडवाड़ी इलाके में पुराने पुणे-मुंबई महामार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां चार से पांच चारपहिया वाहन एक के बाद एक पीछे से टकरा गए। हालांकि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कई गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को हटवाया और ट्रैफिक को सुचारु किया।

बुलढाणा जिले में एक दर्दनाक घटना

उधर, बुलढाणा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई। अकोट रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में शकील हमजा देशमुख की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुणे में एक और गंभीर हादसा चाकण-तलेगांव मार्ग पर महालुंगे पुलिस थाने के पास हुआ। यहां एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ऑटो में कुल 12 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक का वाहन से अचानक नियंत्रण छूट गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। मृतक सभी मजदूर बताए जा रहे हैं, जो काम के सिलसिले में यात्रा कर रहे थे। हादसे में 7 से 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।