

Kishori Pednekar Statement: देश की सबसे अमीर महानगरपालिका, बीएमसी (BMC) के महापौर और उपमहापौर पद के चुनाव को लेकर मुंबई की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। देश की सबसे प्रतिष्ठित और अमीर महानगरपालिका, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) में मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर सियासी हलचलें अपने चरम पर हैं। महायुति गठबंधन ने आगामी चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है, जिससे चुनावी बिसात पूरी तरह बिछ चुकी है। भारतीय जनता पार्टी ने अपनी वरिष्ठ नेता और अनुभवी पार्षद ऋतु तावड़े को मेयर पद के लिए उम्मीदवार बनाया है, जबकि शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) की ओर से संजय घाड़ी डिप्टी मेयर पद के लिए चुनावी मैदान में होंगे।
इधर शनिवार को मातोश्री निवास स्थान पर उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेताओं और पार्षदों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक के बाद मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडणेकर ने मीडिया से बात करते हुए पार्टी की रणनीति और विपक्षी खेमे पर तीखा हमला बोला।
किशोरी पेडणेकर ने साफ किया कि शिवसेना (UBT) मुंबई के विकास और अस्मिता के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या ठाकरे गुट महापौर पद के लिए अपना उम्मीदवार उतारेगा, तो उन्होंने बेहद नपा-तुला जवाब दिया। उन्होंने कहा, "मुंबई को अब एक 'मराठी महापौर' मिलने जा रहा है, और हम इसमें कोई बाधा (अपशकुन) नहीं डालेंगे। हमें लोकतंत्र में नंबर गेम और आंकड़ों का गणित अच्छी तरह समझ आता है और हम उसे स्वीकार करते हैं।" पेडणेकर के इस बयान से यह संकेत मिल रहे हैं कि ठाकरे गुट शायद अपना उम्मीदवार न उतारकर एक 'सक्षम विपक्ष' की भूमिका निभाने की तैयारी में है। उन्होंने आगे कहा कि बाल ठाकरे द्वारा लगाया गया मराठी मानुस का पेड़ आज भी मुंबई में सीना तानकर खड़ा है। जनता देख रही है कि बालासाहेब के नाम पर मिला जनादेश कौन और क्यों इस्तेमाल कर रहा है।
सत्तारूढ़ महायुति ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने घाटकोपर से पार्षद रहीं रितु तावड़े को महापौर पद के लिए अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। रितु तावड़े इससे पहले बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष रह चुकी हैं और संगठन में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। वहीं, उपमहापौर पद के लिए शिवसेना (शिंदे गुट) के संजय घाडी के नाम पर मुहर लगाई गई है। मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने इन नामों की आधिकारिक घोषणा की।
संजय राउत द्वारा भविष्य की राजनीति को लेकर दिए गए संकेतों पर पेडणेकर ने कहा कि आने वाला समय ही तय करेगा कि मुंबई की राजनीति किस दिशा में जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ठाकरे गुट का हर एक कार्यकर्ता और पार्षद सदन में जनता के मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाएगा और किसी भी दबाव या प्रलोभन के आगे नहीं झुकेगा।