
polling station 100 meter rul (सोर्सः सोशल मीडिया)
Pandharpur Election News: वोट डालने पहुंचे शरद पवार गुट के सांसद धैर्यशील मोहिते पाटिल ने पुलिस और प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई। उनका आरोप था कि पंढरपुर शहर में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला परिषद (ZP) के पोलिंग स्टेशन के 100 मीटर के अंदर घूमते नजर आ रहे थे। सांसद मोहिते पाटिल इस बात से नाराज़ दिखे कि पुलिस उन पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही थी। इसके बाद पुलिस ने 100 मीटर के दायरे में मौजूद लोगों को हटाना शुरू कर दिया।
सांसद मोहिते पाटिल ने ग्रामीण इलाकों में लैपटॉप और छोटी मशीनों के जरिए मतदाताओं का कथित सर्वे किए जाने पर भी आपत्ति जताई। मालशिरस तालुका में मतदान के दिन छोटी मशीनों से वोटरों का सर्वे किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वे काफी नाराज़ दिखे।
मोहिते पाटिल ने कहा, “यह 100 मीटर का प्रतिबंधित क्षेत्र है और इस तालुका में जिला परिषद व पंचायत समिति के चुनाव चल रहे हैं। अकलुज नगर पालिका के भाजपा पदाधिकारियों का इस पोलिंग स्टेशन से कोई संबंध नहीं है। कानून को ताक पर रखकर यहां दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
अकलुज शहर अध्यक्ष और जिला कार्यकारिणी के सदस्य 100 मीटर के दायरे में मौजूद हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। वे यहां के मतदाता भी नहीं हैं, फिर यहां क्यों आए हैं, यह समझ से परे है। अगर उन्हें अपने काम पर भरोसा है, तो उन्हें घर बैठकर नतीजों का इंतजार करना चाहिए।”
ये भी पढ़े: Hinjewadi-Shivajinagar Metro: ट्रायल तेज, स्टेशन अधूरे होने से पुणे मेट्रो लाइन-3 में देरी
उन्होंने आगे कहा, “उनके लोग जगह-जगह लैपटॉप लेकर बैठे हैं और अलग तरह की गतिविधियां चल रही हैं। अगर हमने विकास कार्य किए हैं, तो हमें भरोसा है कि जनता हमारा साथ देगी। कुछ जगहों पर हमारे उम्मीदवार पहले स्थान पर हैं। पुलिस प्रशासन और चुनाव आयोग की ओर से कोई खास कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है, लेकिन हम अपनी लड़ाई आखिर तक लड़ेंगे।”
एनसीपी (शरद पवार गुट) के मालशिरस विधायक उत्तमराव जानकर ने धनोर में मतदान किया। इस चुनाव में उनकी पत्नी विमलताई जानकर वेलापुर पंचायत समिति से और उनके बेटे जीवन जानकर दहीगांव जिला परिषद गुट से चुनाव लड़ रहे हैं।






