
नाना पटोले (फाइल फोटो: ANI)
मुंबई. छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान कर बीजेपी सरकार ने महाराष्ट्र के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई है। महाराज हमारे भगवान हैं, लेकिन बीजेपी ने उनका अपमान किया है। छत्रपति महाराज के इस अपमान को लेकर मविआ के नेताओं ने रविवार को महायुति सरकार के खिलाफ जुते मारो आंदोलन किया। हालांकि शिवद्रोही सरकार ने हमें विरोध करने की अनुमति नहीं दी थी। अब उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और बीजेपी पंडित नेहरू के नाम पर फर्जी नैरेटिव फैला रहे हैं कि कांग्रेस ने अपमान किया है। फेक नैरेटिव फैलाना बीजेपी के डीएनए में शामिल है।
रविवार को मुंबई में जुता मारो आंदोलन हुआ है और यह आंदोलन 2 सितंबर से पूरे राज्य में जारी रहेगा। यह जानकारी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने दी है। पटोले ने आगे कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज न सिर्फ महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश का गौरव हैं। अब फडणवीस पंडित नेहरू के नाम पर दुष्प्रचार कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि फडणवीस ने हमारे नेता नेहरू की किताब पूरी तरह से नहीं पढ़ी है। वो आधी-अधूरी जानकारी के आधार पर बोल रहे हैं। फडणवीस को पंडित नेहरू के बारे में दुष्प्रचार बंद करना चाहिए। राजकोट किले पर महाराजा की मूर्ति पर काम करने वाले आप्टे को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया? वह कहां भाग गया? फडणवीस ने अब तक माफी क्यों नहीं मांगी?
यह भी पढ़ें: छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर महाराष्ट्र में घमासान, नाना पटोले बोले- देश में शिवद्रोही सरकार
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपकार करने के लिए माफी मांगी है, लेकिन धमकी भरे लहजे में मांगी गई माफी स्वीकार नहीं की जाती है। भाजपा शिव द्रोही है और उसने महाराष्ट्र की पीठ में छुरा घोंपा है। शिवाजी महाराज के सम्मान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान सांसद छत्रपति शाहू महाराज, सीडब्ल्यूसी सदस्य और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान, प्रवक्ता अतुल लोंढे, ठाणे ग्रामीण जिला अध्यक्ष दयानंद चोरघे, प्रवक्ता गोपाल तिवारी और अन्य लोग मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: शिवाजी महाराज ने सूरत को नहीं लूटा था, फडणवीस ने बताया इतिहास, पवार-उद्धव को भी घेरा






