मंत्री पंकजा मुंडे के PA अनंत गरजे गिरफ्तार, पत्नी गौरी पालवे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

Gauri Palve Suicide Case: महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे के पीए अनंत गरजे को पत्नी की आत्महत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पत्नी ने अवैध संबंध के चलते सुसाइड किया था।
Pankaja Munde PA Anant Garje Arrested
मंत्री पंकजा मुंडे के साथ पीए अनंत गरजे, इनसेट- पत्नी गौरी पाल्वे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pankaja Munde PA Anant Garje Arrested: महाराष्ट्र की पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे के पीए अनंत गरजे को मुंबई की वर्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर पत्नी, डॉक्टर गौरी पालवे-गरजे को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज हुआ है। महज 10 महीने पहले शादी हुई थी, लेकिन अवैध संबंध के चलते दोनों में झगड़ा रहता था।

महाराष्ट्र की पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे के निजी सहायक (PA) अनंत गरजे को वर्ली पुलिस ने उनकी पत्नी की आत्महत्या के मामले में गिरफ्तार किया है। गौरी पालवे-गरजे (28) ने शनिवार, 22 नवंबर की शाम को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

गौरी पेशे से डॉक्टर थीं और उन्होंने वर्ली के आदर्श नगर में 'महाराष्ट्र मल्टी यूनिट रेजिडेंशियल सोसाइटी' में अपने घर पर फांसी लगाई थी। पुलिस ने गरजे के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।

अनंत गरजे और गौरी पालवे ने लगभग 10 महीने पहले ही शादी की थी। हालांकि, शादी के कुछ ही समय बाद गौरी को पता चला कि अनंत गरजे का किसी अन्य महिला के साथ अनैतिक संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार झगड़ा होता रहता था।

तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

इसी बहस और झगड़े के कारण गौरी पालवे ने शनिवार (22 नवंबर) की शाम को फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी। इस मामले में वर्ली पुलिस ने केवल पति अनंत गरजे के खिलाफ ही नहीं, बल्कि उनके भाई अजय गरजे और जीजा शीतल गरजे के खिलाफ भी आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।

परिवार ने जताया मर्डर का शक

गौरी पालवे-गरजे के परिवार ने उनकी मौत को लेकर पुलिस के सामने गंभीर आरोप लगाए हैं। गौरी के परिवार वालों ने शक जताया है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि मर्डर का मामला है।

हालांकि, अनंत गरजे ने इस बारे में अलग ही दावा किया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि सुसाइड करने से पहले गौरी ने उन्हें मोबाइल फोन पर संपर्क किया था। गरजे के मुताबिक, गौरी ने उन्हें बताया था कि वह आत्महत्या कर रही हैं। उस समय अनंत गरजे पंकजा मुंडे के साथ टूर पर थे। गौरी का कॉल आने के तुरंत बाद ही गरजे ने अपना टूर कैंसिल कर दिया और घर लौट आए।

खिड़की से देखी थी लटकती हुई बॉडी

गरजे ने दावा किया कि जब वह घर पहुंचे, तब तक गौरी फांसी लगा चुकी थीं। उन्होंने बताया कि जब वह घर गए तो गौरी ने दरवाज़ा नहीं खोला। इसके बाद वह 31वीं मंजिल के फ्लैट की खिड़की से नीचे हमारे 30वीं मंजिल के फ्लैट की खिड़की पर गए। वहां से उन्होंने खिड़की से गौरी की लटकती हुई बॉडी देखी।

इसके बाद, अनंत गरजे तुरंत गौरी को नायर हॉस्पिटल ले गए। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने अब अनंत गरजे को गिरफ्तार कर लिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com