प्रतीकात्मक तस्वीर (डिजाइन फोटो)
मुंबई: महाराष्ट्र में इंडिया गठबंधन की हिस्सा महाविकास आघाड़ी (मविआ) ने कल होने जा रही मतगणना में बड़े पैमाने पर धांधली होने की आशंका जताई है। मविआ ने एग्जिट पोल के आंकड़ों को गोदी मीडिया की कारस्तानी करार देते हुए दावा किया है कि महाराष्ट्र में वह 32 सीटों पर जीत करेगा। जबकि महायुति 16 सीटों पर सिमट कर रह जाएगी। यहां तक दावा है कि देश में इंडिया गठबंधन 285 सीटों पर जीत दर्ज करेगा और एनडीए गठबंधन के सीटों का आंकड़ा 222 के आस-पास रहेगा। बहरहाल कुछ ही देर में स्थितियां साफ हो जाएंगी।
देश में 285 और राज्य में 32 सीटें जीतने का दावा
इंडिया गठबंधन ने मतगणना से पहले अपने सर्वे के आंकड़े पेश किए हैं। जिसमें कहा गया है कि देश की 543 संसदीय सीटों में से इंडिया को 285, एनडीए गठबंधन को 222 और अन्य दलों को 36 सीटें मिल सकती हैं। इसमें प्रमुख राज्यों यूपी की 80 की सीटों में से 28, बिहार की 40 सीटों में से 26, महाराष्ट्र की 48 सीटों में से 32, पंजाब की सभी 13 सीटों, हरियाणा की 10 में से 7 सीटों, पश्चिम बंगाल की 42 में से 34 सीटों और दिल्ली की 7 में से 3 सीटों पर इंडिया की जीत होगी। दक्षिण भारत के राज्यों में भी बड़ी जीत का दावा किया गया है।
कांग्रेस-एनसीपी का कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का आदेश
कांग्रेस नेता व विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार ने सत्ता पक्ष की ओर से मतगणना में धांधली किए जाने का संदेह जताया है। उन्होंने पहले बैलेट पेपर के वोट गिनती के मिलान के बाद ईवीएम मशीनों की मतगणना की पैरवी की है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को मतगणना केंद्रों पर डटे रहने का निर्देश दिया है। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रदेशाध्यक्ष जयंत पाटील ने पार्टी उम्मीदवारों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को पत्र लिखकर सतर्क रहने कहा है। उन्होंने लिखा है कि सत्ता पक्ष की ओर से बड़े पैमाने पर मतगणना में फेरबदल किया जा सकता है। कार्यकर्ता किसी के बहकावे में न आएं और ध्यान केंद्रित करते हुए मतगणना प्रक्रिया में अलर्ट रहें।
लोगों को गुमराह करने की कोशिश
शिवसेना शिंदे गुट की विधायक मनीषा कायंदे के अनुसार एग्जिट पोल के नतीजों से महाविकास आघाडी के लोग घबरा गए हैं। उनको हार साफ दिखाई दे रही है। इसलिए विपक्ष जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। चुनाव के दिन भी शिवसेना (ठाकरे गुट) पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने प्रेस वार्ता कर लोगों को बरगलाने का प्रयास किया था। एनडीए गठबंधन को बड़ी सफलता मिलने जा रही है।