CCTV कैमरे में कैद हुई दरिंदगी, छत्रपति संभाजी नगर के हॉस्टल एरिया में लड़की से छेड़छाड़ के वीडियो से मचा हड़कंप

Nageshwarwadi Hostel Area Incident: छत्रपति संभाजीनगर के नागेश्वरवाड़ी हॉस्टल इलाके में एक युवती से छेड़छाड़ का सीसीटीवी वीडियो वायरल हुआ है। क्रांति चौक पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Chhatrapati Sambhajinagar Crime News
Chhatrapati Sambhajinagar CCTV Viral Video Girl Assault (फोटो क्रेडिट-X)
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Crime News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (पूर्व नाम औरंगाबाद) से एक विचलित कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने शहर की कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के नागेश्वरवाड़ी इलाके में, जहाँ बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल में रहते हैं, एक युवक द्वारा युवती के साथ बीच सड़क पर दरिंदगी करने की वारदात सीसीटीवी (CCTV) में कैद हुई है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है। हालांकि, अभी तक पीड़ित युवती की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

नागेश्वरवाड़ी इलाका छात्रों का गढ़ माना जाता है, जहाँ देर रात तक आवाजाही रहती है। ऐसे में बीच शहर में हुई यह घटना पुलिस पेट्रोलिंग की पोल खोलती नजर आ रही है।

CCTV फुटेज: युवती के विरोध के बावजूद युवक की हैवानियत

वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि रात के सन्नाटे में एक युवक युवती के साथ जबरदस्ती कर रहा है। वीडियो में युवती खुद को बचाने के लिए कड़ा संघर्ष करती नजर आ रही है और युवक को रोकने की कोशिश कर रही है। रोंगटे खड़े करने वाले इस फुटेज में युवक उस युवती को जबरन उठाने की कोशिश करता हुआ भी दिख रहा है। फुटेज के अंत में दोनों वहां से चले जाते हैं, लेकिन युवक की हरकत ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हॉस्टल एरिया होने के कारण यहाँ मनचलों का जमावड़ा बढ़ गया है।

पुलिस की कार्रवाई और 'जीरो टॉलरेंस' का दावा

क्रांति चौक पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, वीडियो की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने युवक की पहचान के लिए जांच टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस के 'गुन्हे प्रकटीकरण पथक' (Detection Squad) को आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज खंगालने और हॉस्टल संचालकों से पूछताछ करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत न होने के बावजूद वे सार्वजनिक स्थल पर महिला सुरक्षा के उल्लंघन के आधार पर कार्रवाई करेंगे।

अभिभावकों में बढ़ी चिंता और प्रशासन से मांग

इस घटना ने छत्रपति संभाजीनगर में पढ़ाई कर रहे हजारों छात्रों के माता-पिता की नींद उड़ा दी है। अभिभावकों ने मांग की है कि हॉस्टल वाले इलाकों में रात के समय पुलिस की गश्त (Patrolling) बढ़ाई जाए और एंटी-रोमियो स्क्वाड को सक्रिय किया जाए। छात्रों का कहना है कि नागेश्वरवाड़ी जैसे भीड़भाड़ वाले और शैक्षणिक इलाकों में इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी विफलता है। स्थानीय नागरिक संगठनों ने मांग की है कि आरोपी युवक को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए ताकि लड़कियों के मन में सुरक्षा की भावना लौट सके।

Navbharat Live
navbharatlive.com