यह सिर्फ ट्रेलर है...शुभम लोणकर की रोहित शेट्टी को खुली धमकी; अकोला से मुंबई तक मचा हड़कंप

Rohit Shetty Firing Case: रोहित शेट्टी फायरिंग मामले में 'अकोला कनेक्शन'! बिश्नोई गैंग के शुभम लोणकर ने ली जिम्मेदारी। सोशल मीडिया पोस्ट में दी धमकी- "बेडरूम तक आएगी गोली"।
Akola link emerges in Rohit Shetty house firing case. Shubham Lonkar of Lawrence Bishnoi gang claims responsibility via viral post. Agencies on high alert.
रोहित शेट्टी फायरिंग केस (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Lawrence Bishnoi Gang: प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित निवास पर हुई गोलीबारी की घटना से देशभर में सनसनी फैल गई है। इस गंभीर मामले का संबंध अब अकोला जिले से जुड़ने पर स्थानीय स्तर पर भी खलबली मच गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक पोस्ट में कुख्यात लॉरेन्स बिश्नोई गिरोह से जुड़े शुभम लोणकर ने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।

जानकारी के अनुसार शुभम लोणकर अकोट तहसील के एक गांव का निवासी है। घटना के कुछ समय बाद ही सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट सामने आई, जिसमें शुभम लोणकर और अर्शदुल बिश्नोई के नाम का उल्लेख कर रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी करने की कबूलियत दी गई।

पोस्ट में यह भी धमकी दी गई कि 'यह तो केवल ट्रेलर है, चेतावनी को नजरअंदाज किया तो अगली बार सीधे बेडरूम तक गोलीबारी होगी।' इस धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

पुणे से हुई थी गिरफ्तारी

शुभम पहले पुणे के वारजे इलाके में रह रहा था, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया था। अब इस मामले में जिम्मेदारी स्वीकारने का दावा सामने आने के बाद अकोला जिला पुलिस, राज्य और केंद्रीय जांच एजेंसियों ने संयुक्त रूप से गहन जांच शुरू कर दी है।

अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क से संबंध

जांच में सामने आया है कि शुभम लोणकर के लॉरेन्स बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई से संपर्क हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार कॉल डिटेल्स और वीडियो रिकॉर्डिंग से इन संबंधों की पुष्टि हुई है। दावा किया जा रहा है कि शुभम का नेटवर्क दुबई सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय अपराधियों तक फैला हुआ है।

पहले भी गंभीर अपराधों में संलिप्त

पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुभम लोणकर का नाम पहले भी कई गंभीर अपराधों में सामने आया है। वह पिस्तौल तस्करी प्रकरण का मुख्य सूत्रधार बताया गया था। करीब एक वर्ष पूर्व पुलिस ने उसके कब्जे से तीन पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए थे। इस मामले में शुभम से हथियार खरीदने वाले तीन आरोपियों को अकोट पुलिस ने गिरफ्तार किया था। यह घटनाक्रम न केवल मुंबई बल्कि अकोला जिले में भी सुरक्षा तंत्र के लिए गंभीर चुनौती बन गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com