दिल्ली में लापता हो रहे लोगों पर पुलिस ने दी सफाई, लोगों से कर दी खास अपील, Video देखें

Delhi Missing People News : दिल्ली पुलिस ने कहा है कि लापता लोगों के मामलों में संगठित गिरोह की संलिप्तता का पता नहीं चला है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी तरह की अफवाह पर यकीन न करें।
Police clarified on the disappearances in Delhi, made a special appeal to the people, watch the video
दिल्ली से गायब हो रहे लोग। इमेज-एआई
Published on: 
Updated on: 

Delhi Police News : देश की राजधानी में बीते कुछ दिनों से लापता व्यक्तियों और बच्चों को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं। इन चर्चाओं और बढ़ते आंकड़ों के बीच अब दिल्ली पुलिस का आधिकारिक बयान सामने आया है। दिल्ली पुलिस के जॉइंट कमिश्नर संजय त्यागी ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि दिल्ली में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की घबराहट या डर की आवश्यकता नहीं है।

जॉइंट कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि पहले की तुलना में लापता व्यक्तियों की रिपोर्टिंग में कोई असामान्य बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। बल्कि, अगर पिछले सालों के जनवरी माह के आंकड़ों से तुलना की जाए, तो इस बार मामलों में कमी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार किसी भी लापता व्यक्ति और खासकर बच्चों के मामले में तुरंत कार्रवाई के लिए सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन किया जा रहा है।

जनवरी में 807 लोग लापता

वैसे, हाल में सामने आए आंकड़े बताते हैं कि 2026 के पहले 27 दिनों में दिल्ली से 807 लोग लापता हुए। इसका औसत निकालें तो यह संख्या प्रतिदिन लगभग 29 बैठती है। राहत की बात है कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इनमें से 235 लोगों को सुरक्षित ढूंढ लिया है। अब भी 572 लोग लापता हैं। इनमें सबसे अधिक चिंताजनक 137 बच्चों का गायब होना है, जिनमें लड़कियों की संख्या अधिक है।

पुलिस लेगी एक्शन

पुलिस ने साफ किया है कि दिल्ली में बच्चों के लापता होने या अपहरण के पीछे किसी भी संगठित गिरोह का हाथ होने का सबूत नहीं मिला है। दिल्ली पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें या अफवाहें फैला रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कैसे काम कर रही दिल्ली पुलिस?

लापता लोगों की खोज के लिए हर जिले में डेडिकेटेड मिसिंग पर्सन स्क्वाड और क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट लगातार सक्रिय हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे लापता होने की सूचना न केवल स्थानीय थाने, बल्कि ERSS-112 या ऑनलाइन माध्यम से भी तुरंत दर्ज करा सकते हैं। दिल्ली पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि वे हर लापता व्यक्ति को उनके परिवार से मिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जनता को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com