त्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का सितम (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Weather Update: दिल्लीवासियों को अब गर्मी अधिक परेशान कर सकती है। शुक्रवार और शनिवार को लोग लू और गर्म हवाओं के थपेड़े झेलने के लिए तैयार रहें। मौसम विभाग ने दो दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान 43 डिग्री तक जाने की संभावना है। वहीं बृहस्पतिवार को आसमान दिन भर साफ रहा और तेज धूप निकली रही।
गर्मी के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक 41.2 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री कम 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 60 से 13 प्रतिशत तक रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान रिज में 42.7 डिग्री जबकि सर्वाधिक न्यूनतम तापमान पीतमपुरा में 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिन भर आसमान साफ रहेगा। तेज धूप निकली रहेगी। 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा चलने की संभावना जताई जा रही है। इसकी रफ्तार 30 किमी प्रति घंटे की भी हो सकती है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 42 व 23 डिग्री रहने का अनुमान है।
बृहस्पतिवार को भी दिल्ली का एक्यूआई 200 से ऊपर यानी खराब श्रेणी में रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली का एक्यूआई 227 दर्ज किया गया। बुधवार को यह 224 था। मतलब चौबीस घंटे के दौरान इसमें 3 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई। एनसीआर के शहरों का एक्यूआई भी इसी श्रेणी में बना हुआ है। हाल-फिलहाल एक्यूआई की श्रेणी में बदलाव की अधिक संभावना नहीं है।
महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
तो वहीं उत्तर प्रदेश में भी भीषण गर्मी का सितम जारी है। प्रदेश के पूरब और पश्चिम दोनों संभागों में रूखे व गर्म हवा के थपेड़ों और तीखी धूप ने लोगों को बेहाल कर रखा है। बृहस्पतिवार को प्रदेश के 26 जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। वहीं 44 डिग्री सेल्सियस के साथ कानपुर प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा। इस बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के लगभग 45 दिनों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिलने से तपन बढ़ गई है और दोपहर में गर्म हवा के थपेड़े बेहाल कर रहे हैं। दून समेत ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आज पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।