बॉक्स ऑफिस पर प्रभास का जलवा, ‘द राजा साब’ ने पहले दिन मचाया तहलका, तोड़ा इस फिल्म का रिकॉर्ड

Prabhas New Film Collection: प्रभास की ‘द राजा साब’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया। पहले दिन 45 करोड़ की कमाई कर फिल्म ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए।
The Raja Saab Day 1 Collection
‘द राजा साब’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
Published on: 
Updated on: 

The Raja Saab Day 1 Collection: साउथ सुपरस्टार प्रभास की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘द राजा साब’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और आते ही इसने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त तहलका मचा दिया है। फिल्म ने पहले दिन ही शानदार ओपनिंग दर्ज करते हुए 50 करोड़ क्लब की ओर मजबूत कदम बढ़ा लिया है। इसी के साथ प्रभास की तीन साल पुरानी फिल्म का रिकॉर्ड भी टूट गया है।

रिलीज से पहले ही ‘द राजा साब’ की एडवांस बुकिंग ने साफ संकेत दे दिए थे कि फिल्म बड़े आंकड़े छूने वाली है। अब थिएटर्स में आने के बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार थमती नजर नहीं आ रही। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रात 11 बजे तक करीब 45 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था। इस दमदार ओपनिंग के साथ ‘द राजा साब’ प्रभास के करियर की छठी सबसे बड़ी ओपनर बन गई है।

‘राधे श्याम’ का रिकॉर्ड टूटा

ओपनिंग डे कलेक्शन के मामले में ‘द राजा साब’ ने प्रभास की 2022 में रिलीज हुई फिल्म ‘राधे श्याम’ को पीछे छोड़ दिया है। उस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 43.1 करोड़ रुपये की कमाई की थी। लेकिन ‘द राजा साब’ ने 45 करोड़ के साथ यह आंकड़ा पार कर नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

प्रभास की टॉप 6 ओपनिंग फिल्में

अगर प्रभास की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों की लिस्ट पर नजर डालें तो इसमें बाहुबली 2- 121 करोड़, कल्कि 2898 एडी- 95.3 करोड़, सालार- 90.7 करोड़, साहो- 89 करोड़, आदिपुरुष- 86.75 करोड़, द राजा साब - 45 करोड़ शामिल हैं। इस लिस्ट में ‘द राजा साब’ का नाम जुड़ना एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

कैसी है ‘द राजा साब’?

‘द राजा साब’ एक हॉरर-फैंटेसी फिल्म है, जिसका निर्देशन मारुति ने किया है। फिल्म में प्रभास लीड रोल में नजर आ रहे हैं, जबकि संजय दत्त एक अहम किरदार निभाते दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा मालविका मोहनन, रिद्धि कुमार, निधि अग्रवाल, जरीना वहाब और बोमन ईरानी भी फिल्म का हिस्सा हैं।

प्रभास की आने वाली फिल्में

वर्कफ्रंट की बात करें तो ‘द राजा साब’ के बाद प्रभास के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह जल्द ही ‘स्पिरिट’ में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ तृप्ति डिमरी लीड रोल में होंगी। इस फिल्म का निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा कर रहे हैं। इसके अलावा ‘सालार पार्ट 2’ और ‘कल्कि 2898 एडी 2’ भी प्रभास की अपकमिंग फिल्मों की लिस्ट में शामिल हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com