तैनात होंगे CRPF के कमांडोज... हमले के बाद अब ऐसी है दिल्ली CM की सुरक्षा, जानें और क्या हुआ बदलाव

Delhi CM Security: दिल्ली की मुख्यमंत्री पर जनसुनवाई के दौरान हुए हमले के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब जनसुनवाई में कोई भी व्यक्ति सीएम के पास सीधे नहीं जा पाएगा।
तैनात होंगे CRPF के कमांडोज... हमले के बाद अब ऐसी है दिल्ली CM की सुरक्षा, जानें और क्या हुआ बदलाव
सीएम रेखा गुप्ता की सुरक्षा, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rekha Gupta Security: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हुए हमले ने राजनीतिक जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था को हिला दिया है। इस घटना के बाद केंद्र सरकार ने तत्काल कदम उठाते हुए सीएम को Z-श्रेणी की VIP सुरक्षा प्रदान की है। अब उनकी सुरक्षा में 22 से 25 सशस्त्र CRPF कमांडो 24 घंटे तैनात रहेंगे। गौरतलब है कि यह वही सुरक्षा ग्रुप है जो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गांधी परिवार की सुरक्षा का जिम्मा संभालता है।

हमला 20 अगस्त की सुबह 8.15 बजे हुआ था, जब राजकोट निवासी आरोपी राजेशभाई खीमजी जनसुनवाई में शिकायतकर्ता बनकर पहुंचा और सीएम पर हमला कर दिया। घटना में रेखा गुप्ता के हाथ, कंधे और सिर पर चोटें आईं। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया गया और अब वह पांच दिन की पुलिस रिमांड पर है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और इंटेलिजेंस ब्यूरो उससे पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।

जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान हमला

बुधवार सुबह, सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कार्यालय में आयोजित ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान उन पर एक व्यक्ति ने हमला किया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसे “मुख्यमंत्री की हत्या की सुनियोजित साजिश” करार दिया। दिल्ली पुलिस ने घटना को लेकर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया और आरोपी आरपी राजेश खिमजी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

मुख्यमंत्री को अभी आराम की जरूरत

कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात के बाद बताया कि मुख्यमंत्री फिलहाल घर से ही अपने कार्यों का संचालन कर रही हैं। उन्होंने कल रात से लेकर आज सुबह तक फाइलों की समीक्षा की है। मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री को अभी आराम की जरूरत है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि यह कोई मामूली घटना नहीं थी, इसमें मुख्यमंत्री को शारीरिक चोटें लगी हैं और मानसिक रूप से भी वे प्रभावित हुई हैं।

हमले के बाद सीएम का पोस्ट

रेखा गुप्ता ने हमले के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपनी सुरक्षा और सकुशल होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना आज सुबह जनसुनवाई के दौरान हुई। उन्होंने आगे कहा कि यह हमला केवल उनके खिलाफ नहीं था, बल्कि दिल्ली की जनता की सेवा और भलाई के प्रति उनके समर्पण पर किया गया एक कायराना प्रयास था। उन्होंने स्वीकार किया कि शुरुआत में उन्हें सदमा हुआ, लेकिन अब वे बेहतर महसूस कर रही हैं और जल्द ही लोगों के बीच फिर से सक्रिय दिखाई देंगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com