बिहार: 17,000 करोड़ की लागत से गंगा किनारे बनेगी तीन सड़क, 4 अक्टूबर को शिलान्यास करेंगे CM

Nitin Naveen: बिहार में गंगा नदी के किनारे अब जल्द ही एक नया गंगा पथ बनकर तैयार होगा, जो राज्य की अर्थव्यवस्था और पर्यटन दोनों के बढ़ावा देगा। 17 हजार करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनाई जाएगी।
बिहार: 17,000 करोड़ की लागत से गंगा किनारे बनेगी तीन सड़क, 4 अक्टूबर को शिलान्यास करेंगे CM
सड़क निर्माण मंत्री नितिन नवीन (सौ. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Road Construction Minister Nitin Naveen: बिहार के सड़क निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा है कि राज्य सरकार 17,000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से गंगा नदी के किनारे तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं का विकास जल्द ही शुरू करने जा रही है। नितिन नवीन ने बताया कि इन परियजोजनाओं का विकास हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (एचएएम) के तहत किया जाएगा।

ये परियोजनाएं दीघा-शेरपुर-बिहटा-कोइलवर (35.65 किमी), मुंगेर (सफियाबाद)-बरियारपुर-घोघाट-सुल्तानगंज (42 किमी) और सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर (41.33 किमी) हैं। उन्होंने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा देना है।

एचएएम मॉडल के तहत बनेगी सड़क

एचएएम मॉडल के तहत बिहार सरकार परियोजना की कुल लागत का लगभग 40 प्रतिशत वित्त मुहैया कराएगी जबकि निजी डेवलपर शेष 60 प्रतिशत का निवेश करेगा। निजी डेवलपर रियायती अवधि के दौरान परियोजना का संचालन करेगा और उसे सरकार से एन्यूइटी भुगतान मिलेगा। दीघा-शेरपुर-बिहटा-कोइलवर परियोजना की लागत 6,495.79 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है जबकि सुल्तानगंज-भागलपुर गंगापथ परियोजना का विकास 4,849.83 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।

CM एक परियोजना का करेंगे शिलान्यास

मुंगेर-सुल्तानगंज गंगापथ परियोजना पर 5,119.80 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। सड़क निर्माण मंत्री ने कहा कि ये सड़कें न केवल संपर्क बढ़ाने में मददगार होंगी बल्कि गंगा नदी के किनारे स्थित होने से पर्यटन को भी आकर्षित करेंगी। उन्होंने बताया कि तीनों परियोजनाओं के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और स्वीकृति पत्र जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चार अक्टूबर को इनमें से एक परियोजना का शिलान्यास करेंगे।

'PM के मार्गदर्शन में बिहार कर रही तरक्की'

नितिन नवीन ने बताया कि यह एचएएम मॉडल पर तैयार किया जाने वाला बिहार का पहला अनुबंध है। परियोजना पूरी होने पर लगभग 84 किलोमीटर लंबा मुंगेर-भागलपुर-सबौर गंगापथ बिहार के लिए एक प्रमुख जीवनरेखा बन जाएगी। नवीन ने कहा, "मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में बिहार में उच्च गुणवत्ता वाला सड़क नेटवर्क तैयार कि जा रहा है। गंगा नदी के किनारे स्थित ये सड़क परियोजनाएं ढांचागत विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का उदाहरण हैं।"

नई गंगापथ परियोजना से मुंगेर और भागलपुर के बीच यात्रा का समय घटेगा और यह एक रिंग रोड की तरह काम करते हुए यातायात दबाव को कम करेगी। बिहार विधानसभा चुनावों की घोषणा जल्द होने की संभावना है। केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम चार-पांच अक्टूबर को पटना में मतदान तैयारियों का जायजा लेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com