पाकिस्तान की जनसंख्या ( सोर्स - सोशल मीडिया )
इस्लामाबाद: पाकिस्तान में हिंदुओं की आबादी वर्ष 2017 के 35 लाख से बढ़कर 2023 में 38 लाख हो गई है। जो इन्हें इस इस्लामी राष्ट्र का सबसे बड़ा अल्पसंख्यक समूह बनाती है। पिछले साल की जनगणना के आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली हैं।
डॉन अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान सांख्यिकी ब्यूरो (PBS) ने गुरुवार को 7वीं आबादी और आवास जनगणना 2023 के नतीजे जारी किए है। 2023 में पाकिस्तान की कुल जनसंख्या 2,40,458,089 थी। इससे पता चलता है कि कुल आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी 2017 में 96.47 प्रतिशत से थोड़ी कम होकर 2023 में 96.35 प्रतिशत तक रह गई है। जबकि सभी प्रमुख धार्मिक अल्पसंख्यकों की आबादी पिछले 6 वर्षों में बढ़ी है।
हिन्दुओं की आबादी 2017 के 35 लाख से बढ़कर 2023 में 38 लाख हो गई, लेकिन कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी 1.73 से घटकर 1.61 प्रतिशत हो गई है। इससे पता चलता है कि अन्य अल्पसंख्यक समुदायों की आबादी में तेज दर से वृद्धि हुई है। ईसाइयों की जनसंख्या भी 26 लाख से बढ़कर 33 लाख हो गई, कुल जनसंख्या में ईसाइयों की हिस्सेदारी 1.27 से बढ़कर 1.37 प्रतिशत हो गई है।
अहमदियों यानी अहमद का वंशज (अरबी पारिवारिक नाम) की वास्तविक जनसंख्या के साथ-साथ कुल जनसंख्या में उनकी हिस्सेदारी में गिरावट देखी गई है। उनके समुदाय की आबादी 2017 के 1,91,737 (कुल आबादी का 0.09 प्रतिशत) से 29,053 कम होकर 162,684 (कुल आबादी का 0.07 प्रतिशत) रह गई। सिख समुदाय की जनसंख्या 15,998 और पारसी समुदाय की 2,348 थी।
आंकड़ों से पता चलता है कि देश की जनसंख्या 2.55 प्रतिशत की वृद्धि दर से 2017 में करीब 20.76 करोड़ से बढ़कर 2023 में करीब 24.14 करोड़ हो गई। आंकड़ें दर्शाते हैं कि इस दर से पाकिस्तान की जनसंख्या 2050 तक दोगुनी होने की उम्मीद है। जनसंख्या विभाजन के अनुसार, पुरुषों की कुल संख्या 12.432 करोड़ थी, जबकि महिलाओं की संख्या 11.715 करोड़ दर्ज की गई। लिंगानुपात 1.06 था, जबकि ट्रांसजेंडर की आबादी 20,331 बताई गई।
आंकड़ों से पता चलता है कि 2023 में कुल आबादी का 67 प्रतिशत हिस्सा 30 वर्ष से कम उम्र का था और 80 प्रतिशत आबादी 40 वर्ष से कम उम्र की थी। 67 वर्ष या इससे अधिक उम्र वाले लोग कुल जनसंख्या का केवल 3.55 प्रतिशत थे। 2017 में कुल आबादी का 66.12 प्रतिशत लोग विवाहित थे जबकि 2023 में यह आंकड़ा 64.79 दर्ज किया गया है।