पीएम मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की तारीफ, फोटो ( सो. सोशल मीडिया )
नवभारत इंटरनेशनल डेस्क: स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की प्रशंसा की है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि उनका देश भी इस तरह की पहल को अपनाने पर विचार कर सकता है। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपनी दो दिवसीय राजकीय यात्रा के अंतिम दिन, बृहस्पतिवार को स्लोवाकिया के प्राचीन शहर नित्रा में एक वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान इस अभियान की जानकारी राष्ट्रपति पेलेग्रिनी को दी थी।
ब्रातिस्लावा से लगभग 100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित नित्रा शहर में ‘टाटा मोटर्स जेएलआर प्लांट’ है, जो स्लोवाकिया में किसी भारतीय कंपनी द्वारा किया गया सबसे बड़ा निवेश माना जाता है। भारत और स्लोवाकिया के राष्ट्रपतियों ने इस संयंत्र का निरीक्षण किया और इसके बाद एक सार्वजनिक पार्क में स्लोवाक गणराज्य के राष्ट्रीय वृक्ष, लिंडेन का पौधा रोपा। इस अवसर पर नित्रा के मेयर मारेक हट्टास भी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम के दौरान भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल का विस्तार से उल्लेख किया।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी लोगों से यह आग्रह किया था कि वे अपनी मां के सम्मान में एक पेड़ जरूर लगाएं। इस पहल की शुरुआत करते हुए उन्होंने नई दिल्ली के एक बाग में पीपल का पेड़ लगाया और इसी मौके पर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया।
विदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की और उन्हें भारत के ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में उस देश में भारतीय समुदाय की संख्या चार गुना बढ़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के युवाओं ने देश को विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब बना दिया है, और आज भारत ई-कॉमर्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) समेत कई क्षेत्रों में एक वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है।