
बांग्लादेश की अभिनेत्री मेहर अफरोज शॉन, फोटो ( सो. सोशल मीडिया )
नवभारत इंटरनेशनल डेस्क: बांग्लादेश की मशहूर अभिनेत्री मेहर अफरोज शॉन को देश विरोधी साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें राजधानी ढाका के धानमंडी इलाके से हिरासत में लिया गया। शॉन पर राजद्रोह और देश के खिलाफ षड्यंत्र करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
अफरोज शॉन को गुरुवार की रात को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर रेजाउल करीम मलिक के अनुसार, उन पर देश के खिलाफ साजिश रचने का आरोप है। हालाँकि, इस मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जबकि कुछ रिपोर्ट के अनुसार, अफरोज शॉन ने मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की आलोचना की थी।
पुलिस के अनुसार, उन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश किया जा सकता है, जहां रिमांड की मांग की जाएगी ताकि पूछताछ की जा सके। मेहर अफरोज शॉन ने अपने करियर की शुरुआत बतौर बाल कलाकार के रूप में की थी और इसके बाद कई टेलीविजन धारावाहिकों और फिल्मों में काम किया।
विदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें!
उनकी गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले उनके परिवार के घर पर हमला हुआ और उसे आग के हवाले कर दिया गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जमालपुर सदर उपजिला के नोरुंडी रेलवे स्टेशन के पास छात्रों और स्थानीय लोगों ने शाम करीब 6 बजे घर में आग लगा दी।
मेहर अफरोज के पिता ने पिछले राष्ट्रीय चुनाव में अवामी लीग से नामांकन के लिए आवेदन किया था। उनकी मां, बेगम तहुरा अली, आरक्षित महिला सीट से दो बार संसद सदस्य रह चुकी हैं। शाओन ने भी पिछले चुनाव में अवामी लीग के उम्मीदवार के रूप में आरक्षित संसदीय सीट से चुनाव लड़ा था।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की करीबी मानी जाने वाली मेहर अफरोज शॉन एक बहुमुखी प्रतिभा वाली कलाकार हैं। शेख हसीना, जो पिछले साल तख्तापलट के बाद भारत में निर्वासन में रह रही हैं, के साथ उनके करीबी संबंध बताए जाते हैं।
मेहर अफरोज शॉन ने अपने करियर की शुरुआत लगभग 37 साल पहले एक बाल कलाकार के रूप में की थी। साल 1988 में वे पहली बार टीवी सीरियल स्वधिनोता में नजर आई थीं। वे न सिर्फ एक प्रसिद्ध अभिनेत्री हैं, बल्कि एक जानी-मानी गायिका और नृत्यांगना भी हैं। उन्होंने मशहूर लेखक और निर्देशक हुमायूं अहमद से विवाह किया था। अपनी गायन प्रतिभा के लिए भी उन्होंने ख्याति अर्जित की और साल 2016 में Krishnopokkho फिल्म में सर्वश्रेष्ठ महिला प्लेबैक सिंगर के रूप में नेशनल अवॉर्ड जीता था।






