यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में तापमान में गिरावट, शीतलहर और कोहरे से बढ़ी परेशानी

Aaj Ka Mausam: दिसंबर में देश भर में मौसम ने अलग-अलग रूप दिखाने शुरू कर दिए हैं। कहीं कड़ाके की ठंड और घना कोहरा मुश्किलें बढ़ा रहा तो दिल्ली-एनसीआर में एक्यूआई गंभीर लेवल पर पहुंच चुका है।
Temperatures dropped in several states, including UP and Bihar, as cold wave and fog worsened the situation
उत्तर भारत में ठंड।
Published on
Updated on

15 December 2025 Weather: दिसंबर के दौरान मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा। दिल्ली-एनसीआर में बेहद खराब वायु गुणवत्ता के कारण ग्रैप-4 लागू हो गया। साथ ही ग्रामीण इलाकों में घने कोहरे का असर दिखाई दे रहा। शहरी क्षेत्रों में स्मॉग छाया है। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में अलग-अलग क्षेत्रों में बदलाव दर्ज किया गया।

जम्मू-कश्मीर, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और तेलंगाना के कई स्थानों पर तापमान 1-2 डिग्री बढ़ा है। हरियाणा, झारखंड, उत्तर आंतरिक कर्नाटक तथा केरल और माहे के कुछ हिस्सों में हल्की बढ़ोतरी देखी गई। इसके विपरीत तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश या बर्फबारी के आसार

मौसम प्रणाली की बात करें तो उत्तर पाकिस्तान के ऊपर निचले क्षोभ मंडल में एक पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके अलावा मध्य क्षोभ मंडल में 55° पूर्व देशांतर और 30° उत्तर अक्षांश के उत्तर में एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ गर्त के रूप में बना है। पश्चिम और उससे सटे उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम सक्रिय है, जिसकी मुख्य हवाओं की गति समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 95 नॉट तक दर्ज की गई है। साथ ही 17 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने वाला नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इन मौसमी प्रणालियों के चलते आज जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

कर्नाटक में गंभीर शीतलहर का खतरा

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में आज से 17 दिसंबर के बीच हल्की वर्षा अथवा स्नोफॉल की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आज से 18 दिसंबर के दौरान बारिश तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। IMD ने ठंड को लेकर चेतावनी जारी की गई है। आज और कल तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बने रहने की प्रबल संभावना है। आज उत्तर आंतरिक कर्नाटक में गंभीर शीतलहर का खतरा है।

घना कोहरा छाने की संभावना

आज और कल उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में सुबह में घना कोहरा छाने की संभावना है। आज अत्यंत घने कोहरे की स्थिति बन सकती है। उत्तर-पूर्वी भारत में आज से 19 दिसंबर तक, हिमाचल प्रदेश में 17 दिसंबर तक तथा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश में आज और कल कई स्थानों पर घना कोहरा बने रहने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में मौसम

दिल्ली में आज आसमान साफ रहेगा। सुबह में अधिकांश इलाकों में हल्का कोहरा छाया है। कुछ स्थानों पर मध्यम स्तर का कोहरा दिखा। अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 से 1.0 डिग्री अधिक रह सकता है। अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2 डिग्री तक ऊपर रहने की संभावना है। सुबह में हवा मुख्य रूप से उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेगी, जिसकी रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। दोपहर में उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति बढ़कर 15 किलोमीटर प्रति घंटा होने की संभावना है। शाम और रात में हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम ही बनी रहेगी। इसकी गति घटकर 10 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।

यूपी में मौसम कैसा रहेगा?

यूपी में बीते तीन-चार दिनों से उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। इससे सुबह और शाम की ठंडक बढ़ गई है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के असर के खत्म होने के बाद तापमान में फिर से गिरावट आने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को सुबह और शाम हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिन के समय आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहने का अनुमान है।

बिहार में मौसम का हाल

बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक, अगले दो दिनों तक बिहार के कई जिलों में रात और सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। इसका असर आम जनजीवन के साथ सड़क और रेल यातायात पर भी पड़ सकता है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, रोहतास, कैमूर, मधुबनी, दरभंगा, अररिया, किशनगंज, गया, औरंगाबाद, बांका और भागलपुर जिलों के कुछ क्षेत्रों में कोहरे का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। इन इलाकों में सुबह में दृश्यता काफी कम हो सकती है। विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, अगले सप्ताह तक राज्य में मौसम शुष्क और साफ बना रहने का अनुमान है। इस अवधि में बारिश की संभावना नहीं है।

राजस्थान में ऐसा रहेगा मौसम

राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में घने कोहरे की स्थिति देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 दिसंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं, लेकिन उससे पहले हवा की दिशा और गति में आए बदलाव के चलते रविवार रात से दौसा, भरतपुर और चित्तौड़गढ़ जिलों में घना कोहरा छा गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि विंड पैटर्न में बदलाव से वातावरण में नमी बढ़ गई है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों की ठंडी हवा अब मैदानी इलाकों में पहुंचने लगी है। कई स्थानों पर सापेक्ष आर्द्रता 90 प्रतिशत या उससे अधिक दर्ज हुई है। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शीतलहर चल सकती है। उत्तर-पूर्वी हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। अगले सप्ताह के मध्य तक अधिकांश शहरों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। वैसे, वीकेंड के आसपास उत्तर-पूर्वी इलाकों में एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और ठंडी हवाओं के चलने के आसार हैं, जिसके चलते दिसंबर के अंतिम सप्ताह में राज्य के अधिकतर शहरों में तेज सर्दी का असर महसूस किया जा सकता है।

मध्य प्रदेश में मौसम कैसा रहेगा?

रात में चल रही ठंडी हवा के कारण राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के डेढ़ दर्जन शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा। भोपाल में 25 वर्षों बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब दिसंबर में रात का पारा 10 डिग्री से कम पहुंचा है। मौसम विभाग के अनुसार कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। विभाग का अनुमान है कि 18 दिसंबर के बाद रात के साथ दिन के तापमान में भी गिरावट दिख सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दो पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने के चलते 17 दिसंबर से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना बन रही है। इसके बाद बर्फीली हवा मध्य प्रदेश की ओर बढ़ेंगी, जिससे प्रदेश में सर्दी का एक और तीखा दौर शुरू हो सकता है। यूनतम ही नहीं, बल्कि अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज किए जाने की संभावना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com