भीम आर्मी वालों ने काटा बवाल...पुलिस को किया हलकान, गिरफ्त में आते ही पकड़े कान

चंद्रशेखर आजाद को करछना जाने से रोकने पर हंगामा करने वाले 51 भीम आर्मी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस की गिरफ्त में आते ही बवाल काटने वाले उपद्रवी कान पकड़कर बैठे नजर आए।
भीम आर्मी वालों ने काटा बवाल...पुलिस को किया हलकान, गिरफ्त में आते ही पकड़े कान
पुलिस गिरफ्त में कान पकड़े बैठे उपद्रवी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

प्रयागराज: प्रयागराज में सांसद चंद्रशेखर आजाद को करछना जाने से रोके जाने पर हंगामा करने वाले भीम आर्मी कार्यकर्ताओं की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। अब तक 51 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। कल हंगामा कर रहे कार्यकर्ता जो पुलिस की गाड़ी पर चढ़कर भी हंगामा कर रहे थे, आज पुलिस की गिरफ्त में आते ही कान पकड़कर बैठे नजर आए।

वहीं, प्रयागराज पुलिस ने कई उपद्रवियों के दोपहिया वाहन भी जब्त किए हैं। बवाल के दूसरे दिन भड़ेवरा बाजार अपनी पुरानी रंगत में लौटता हुआ नजर आया। बाजार में दुकानें खुलीं तो वापस आम जनों की चहल-पहल दिखाई दी।

जानिए क्या है पूरा मामला

रविवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के मुखिया और भीम आर्मी के सह संस्थापक सांसद चंद्रशेखर आजाद को कौशांबी और करछना के इसोटा जाने से रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने करछना थाना क्षेत्र के भड़ेवरा बाजार में भारी तोड़फोड़ और आगजनी की।

तोड़फोड़, आगजनी और पथराव

हजारों की संख्या में गुस्साई भीड़ ने करीब साढ़े तीन घंटे तक तोड़फोड़, आगजनी और पथराव किया। पथराव में एसीपी करछना अरुण त्रिपाठी समेत कई अन्य पुलिसकर्मी, राहगीर, महिलाएं और पत्रकार भी घायल हो गए। यहां तक ​​कि कई दुकानों में तोड़फोड़ और लूटपाट भी की गई।

देर शाम पुलिस ने शुरू किया एक्शन

देर शाम जब किसी तरह शांति बहाल हुई तो पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। छापेमारी और गिरफ्तारियों का सिलसिला शुरू कर दिया गया। घटना वाली रात रैली में तीन दर्जन से अधिक मोटरसाइकिल छोड़कर भागे उपद्रवियों की बाइकों को पुलिस ने जब्त कर ट्रैक्टर पर लदवाकर करछना और आसपास की चौकियों पर रखवा दिया है। वाहन नंबर के आधार पर भी जांच की जा रही है। पुलिस ने देर शाम से ही गिरफ्तारियां शुरू कर दी थीं।

दंगे के वीडियोज के आधार पर रात तक पुलिस ने 22 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद अगले दिन सुबह चार बजे से फिर गिरफ्तारियां शुरू हो गईं। ककरम, तेली का पुरा, इसोटा, भुंडा, मच्छर का पुरा, घोरघट, अरई, भीरपुर, करछना, करबलपुर, बरसवल, लखरावा, लहबरा, अकोढ़ा, कौंधियारा, भमोखर समेत दर्जनों गांवों से चिह्नित 51 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर दोपहर में जेल भेज दिया गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com