फरीदाबाद में दो गुटों में पत्थरबाजी, महिलाओं और बच्चों समेत कई घायल, देखें VIDEO

Faridabad Stone Pelting: फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी में दो गुटों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले रात के वक्‍त गली में गाली-गलौज हुई थी।
Tension in Faridabad: Two groups clashed, video of heavy stone pelting surfaced
फरीदाबाद में दो गुटों में पत्थरबाजी (Image- Social Media)
Published on: 
Updated on: 

Faridabad Clash News: हरियाणा के फरीदाबाद में मंगलवार सुबह दो गुटों के बीच जोरदार झड़प हो गई। दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी में दो गुटों के बीच भारी पत्थरबाजी हुई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले रात के समय गली में कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी, जो सुबह होते-होते और बढ़ गई। मंगलवार सुबह दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और विवाद दोबारा भड़क उठा। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और फिर दोनों परिवार सड़क पर उतर आए। पत्थरबाजी इतनी तेज थी कि इलाके के लोग अपने-अपने घरों में छिपने को मजबूर हो गए।

नशे के कारोबार को लेकर विवाद की आशंका

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि झगड़े में शामिल कुछ लोग कॉलोनी में अफीम और गांजा जैसे नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री करते हैं। जब मोहल्ले के लोगों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने साथियों को बुलाकर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 10 से 12 लोग गली में पहुंचे और मारपीट के साथ पत्थरबाजी करने लगे।

कई लोग घायल

इस हिंसक झड़प में मतिम, मुन्ना, शकील, साबिर और अजबर नाम के लोगों की भूमिका सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आत्मरक्षा में उन्हें भी पत्थर उठाने पड़े। घटना में करीब 8 से 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं।

सूचना मिलते ही फरीदाबाद के डबुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही पत्थरबाजी करने वाले लोग फरार हो गए। पुलिस ने हालात पर काबू पाया और इलाके में शांति व्यवस्था बहाल कराई। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com