कन्नौज में फिल्मी अंदाज में जेल ब्रेक, चादर की रस्सी बनाकर 30 फीट दीवार फांद गए दो कैदी, 5 अफसर नपे

Kannauj Jail Break News: कन्नौज जिला जेल में चादरों की रस्सी के सहारे 30 फीट ऊंची दीवार फांदकर चोरी और पॉक्सो एक्ट के दो आरोपी फरार हो गए। लापरवाही के आरोप में जेलर समेत 5 निलंबित हैं।
kannauj prisoners escape
कन्नौज जेल से भाग गए दो कैदी, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

 Prisoner's Escape Kannauj: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए दो कैदियों ने सनसनीखेज तरीके से जेल ब्रेक की घटना को अंजाम दिया। वॉच टावर पर सुरक्षाकर्मियों की गैर-मौजूदगी का फायदा उठाकर कैदी 30 फीट ऊंची दीवार लांघकर रफूचक्कर हो गए, जिससे पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

कन्नौज जिला कारागार से कैदियों के भागने की यह घटना किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। जेल में निरुद्ध दो कैदी, अंकित और शिवा, ने भागने के लिए एक बेहद सोची-समझी योजना बनाई। अंकित चोरी के मामले में बंद था, जबकि शिवा पर पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत गंभीर आरोप थे। इन दोनों ने जेल के अंदर उपलब्ध चादरों को जोड़कर एक लंबी और मजबूत रस्सी तैयार की। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने महिला बैरक की तरफ बनी करीब 30 फीट ऊंची दीवार को चुना और उसी चादर की रस्सी के सहारे उसे लांघकर बाहर कूद गए।

सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल: वॉच टावर था खाली

इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि जिस समय कैदी दीवार फांद रहे थे, उस समय वॉच टावर पर किसी भी सुरक्षाकर्मी की तैनाती नहीं थी। कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी प्रदीप गुप्ता ने मौके का मुआयना करने के बाद बताया कि जांच में कई गंभीर गड़बड़ियां और सुरक्षा में भारी चूक पाई गई है। वॉच टावर पर निगरानी न होना कैदियों के लिए भागने का सबसे आसान रास्ता बन गया।

जेलर और डिप्टी जेलर समेत 5 सस्पेंड

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने जिला जेल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस भारी लापरवाही को देखते हुए कारागार मुख्यालय लखनऊ ने त्वरित कार्रवाई की है। जेलर विनय प्रताप सिंह और डिप्टी जेलर बद्री प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन जेल वार्डर- शिवेंद्र सिंह यादव, अतुल मिश्रा और नवीन कुमार को भी सस्पेंड कर दिया है।

तलाशी अभियान जारी, नई एफआईआर दर्ज

जिलाधिकारी ने बताया कि फरार कैदियों के खिलाफ जेल से भागने के जुर्म में अलग से नई एफआईआर दर्ज की जा रही है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है और सीमावर्ती इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने दावा किया है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com