विराट कोहली (फोटो-सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम स्थित बैसरन के मैदान में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। इस आतंकवादी हमले में 28 निर्दोष लोगों की जान चली गई है। वहीं 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। इस हमले के बाद पूरा देश शोकाकुल है। इस हमले के बाद भारत और आरसीबी के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया है।
इस हमले में भारत के विभिन्न राज्यों के के साथ-साथ नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात के पर्यटक भी शामिल थे। कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा, गुजरात, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के अलावा नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात के दो विदेशी नागरिक की भी इस हमले में जान चली गई।
इस हमले के बाद विराट कोहली ने सोशल मीडिया के जरिए दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा कि पहलगाम में निर्दोष लोगों पर हुए इस क्रूर हमले से बेहद दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। जो अपने प्रियजनों को खो चुके हैं, उनके लिए शांति और शक्ति की प्रार्थना करता हूं। इस क्रूरता के लिए न्याय जरूर मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर कड़ा रुख अपनाया है। वे सऊदी अरब की अपनी आधिकारिक यात्रा को बीच में छोड़कर भारत लौट आए और उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस निर्मम कृत्य को अंजाम देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्हें न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।
पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) आतंकी समूह का हिस्सा ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) ने हमले की जिम्मेदारी ली है।हमले की गंभीरता को देखते हुए जम्मू-कश्मीर सरकार ने पीड़ितों के लिए मुआवज़े की घोषणा की है। जम्मू-कश्मीर की सरकार ने मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को ₹2 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को ₹1 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
खेल जगत से जुड़ी अन्य सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
इस दिल दहला देने वाली घटना की विश्व स्तर पर भी निंदा हो रही है। भारतवासी आज एकजुट होकर शोक में डूबे हैं। साथ ही आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश भी दे रहे हैं कि निर्दोषों की हत्या किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।