एक सीनियर बीसीसीआई अधिकारी ने मीडिया एजेंसी को बताया कि सभी खिलाड़ी 4 सितंबर की शाम तक दुबई पहुंच जाएंगे। पहला अभ्यास सत्र 5 सितंबर को आईसीसी अकादमी में होगा। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए उन्हें अपने-अपने शहरों से सीधे दुबई आने की इजाजत दी गई है।
उन्होंने आगे कहा कि जाहिर है कुछ खिलाड़ी मुंबई से यात्रा करेंगे, लेकिन कुछ अन्य खिलाड़ियों को पहले मुंबई आने और फिर दुबई जाने के लिए कहना समझदारी नहीं है। वैसे भी दुबई की उड़ान अन्य इंटरनेशनल उड़ानों की तुलना में कम समय की है। इससे खिलाड़ियों का समय भी बचेगा और बोर्ड का पैसा भी।
स्टैंडबाय खिलाड़ी नहीं करेंगे ट्रेवल
इसके साथ उन्होंने यह भी कहा कि स्टैंडबाय खिलाड़ी मुख्य टीम के साथ नहीं जाएंगे। प्रसिद्ध कृष्णा और वाशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ी अब दुबई नहीं जाएंगे। अगर कोई खिलाड़ी चोटिल होता है तो तभी स्टैंडबाय खिलाड़ियों को टीम में जोड़ा जाएगा। एशिया कप के लिए दुबई केवल 15 खिलाड़ी ही जाएंगे।
यह भी पढ़ें: Duleep Trophy Quarterfinals: अभिमन्यू ईश्वरन और ध्रुव जुरेल बाहर, इस खिलाड़ी को मिली कप्तानी
वहीं एशिया कप जाने वाले कुछ खिलाड़ी दलीप ट्रॉफी में खेल रहे हैं। इसमें अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और कुलदीप यादव शामिल हैं। अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा नॉर्थ जोन के लिए खेल रहे हैं। वहीं कुलदीप यादव सेंट्रल जोन के लिए खेल रहे हैं।
10 को होगा भारत का पहला मुकाबला
एशिया कप में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर से करेगी। पहला मुकाबला यूएई के साथ खेला जाएगा। उसके बाद 14 सितंबर को दुबई में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगा। उसका तीसरा ग्रुप मैच 19 सितंबर को ओमान के खिलाफ होगा, जिसके बाद सुपर 4 चरण होगा।