साल 2025 में इस दिन माघ बिहू,(सौ.सोशल मीडिया)
Magh Bihu 2025: नॉर्थ ईस्ट यानी पूर्वोत्तर राज्यों में मनाया जाने वाला माघ बिहू असम का प्रमुख त्योहार है। इस साल माघ बिहू का पर्व 15 जनवरी को मनाया जाएगा। जिस प्रकार सूर्य देव के उत्तरायण होने पर उत्तर भारत में मकर संक्रांति, पंजाब-हरियाणा में लोहड़ी और दक्षिण भारत में पोंगल मनाया जाता है, ठीक उसी प्रकार उत्तर पूर्वी राज्य असम में माघ बिहू मनाया जाता है।
पोंगल की तरह बिहू भी किसानों का त्योहार है। इस दिन असम वासी प्रकृति और भगवान को फसलों की अच्छी पैदावार के लिए आभार व्यक्त करते हैं। यह त्योहार माघ महीने मनाया जाता है, इसलिए इसे माघ बिहू के नाम से जाना जाता है। आइए जानते हैं इस साल माघ बिहू कब है और इसे किस तरह मनाया जाता है।
कब है साल 2025 बिहू
संक्रांति तिथि का आरंभ 14 जनवरी, दिन मंगलवार को सुबह 9 बजकर 3 मिनट से होगा। वहीं, इसका समापन अगले दिन 15 जनवरी, दिन बुधवार को रात 10 बजकर 11 मिनट पर होगा। ऐसे में बिहू का पर्व 15 जनवरी को मनाया जाएगा।
बिहू 2025 शुभ मुहूर्त
बिहू पर्व यानी कि 15 जनवरी के दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5 बजकर 27 मिनट से सुबह 6 बजकर 21 मिनट तक रहेगा। वहीं, बिहू के दिन अभिजीत मुहूर्त का कोई भी योग नहीं बन रहा है। इसके अलावा, 3 शुभ मुहूर्तों का निर्माण हो रहा है।
जहां एक ओर विजय मुहूर्त दोपहर 2 बजकर 16 मिनट से दोपहर 2 बजकर 58 मिनट तक रहगा तो वहीं, इस दिन गोधुली मुहूर्त शाम 5 बजकर 44 मिनट से 6 बजकर 11 मिनट तक रहेगा। निशिता मुहूर्त रात 12 बजे से अगले दिन तक है।
ऐसे मनाया जाता है माघ बिहू
प्राप्त जानकारी के अनुसार, असम में माघ बिहू के दिन किसान परिवारों के द्वारा ब्राई शिबराई देवता की पूजा की जाती है। इस दिन किसान सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए मौसम की पहली फसल ब्राई शिबराई देवता को अर्पित करते हैं। यह एक सांस्कृतिक त्योहार है। इसमें गांव के लड़के और लड़कियां पारंपरिक धोती, गमोसा और अन्य रंगीन कपड़े पहन कर टोली बना कर नृत्य करते हैं।
धर्म की खबरें जानने के लिए क्लिक करें…
माघ बिहू में इन खास पकवान का बड़ा महत्व
इस पर्व में कई तरह के पकवान बनाए जाते हैं। इसमें खार, आलू पितिका, जाक और मसोर टेंगा जैसे पकवान मुख्य रूप से तैयार किए जाते हैं। आलू पितिका में उबले आलू को मसल कर, उसमें प्याज, हरी मिर्च, हरी धनिया, नमक, सरसों तेल डाला जाता है और इसे चावल, दाल, नींबू के साथ खाया जाता है। जाक में हरी पत्तेदार सब्जियां होती हैं। वहीं मसोर टेंगा में मछली के पकवान होते हैं।